उत्तर प्रदेशग्रेटर नोएडा

जेवर में शालिनी सिंह की सक्रियता से सियासी चर्चाएं तेज, शिक्षा के क्षेत्र में किया सहयोग

Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

ग्रेटर नोएडा। जेवर विधानसभा क्षेत्र में गोंडा लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद एवं भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की बेटी शालिनी सिंह के आगमन के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

शालिनी सिंह जेवर विधानसभा क्षेत्र के गांव मकनपुर बांगर स्थित विद्या देवी इंटर कॉलेज पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से फर्नीचर और डिजिटल स्मार्ट बोर्ड सहित विभिन्न शैक्षणिक संसाधनों के लिए सहयोग प्रदान किया।

यह सहयोग करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष एवं कुंभाभोज वेलफेयर फाउंडेशन के डायरेक्टर ठाकुर धीरज सिंह के अनुरोध पर किया गया। फाउंडेशन की ओर से शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में विभिन्न संस्थानों एवं जरूरतमंदों के लिए लगातार सेवाएं देने का दावा किया गया है।

शालिनी सिंह की नोएडा और गौतमबुद्ध नगर में बढ़ती सामाजिक सक्रियता को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि वह आगामी विधानसभा चुनाव में गौतमबुद्ध नगर की किसी विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतर सकती हैं।

हालांकि, चुनाव लड़ने को लेकर शालिनी सिंह की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है। उनके पिता बृजभूषण शरण सिंह पूर्व में यह कह चुके हैं कि उनकी बेटी उत्तर प्रदेश में भाजपा के टिकट पर किसी भी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकती हैं।

शालिनी सिंह के जेवर दौरे में शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग के साथ उनकी बढ़ती सामाजिक सक्रियता ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि उनका क्षेत्र में आगमन महज सामाजिक सेवा तक सीमित है या इसके पीछे कोई बड़ा राजनीतिक संदेश भी है। आने वाले समय में उनकी गतिविधियों से तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!