मुरादाबाद

स्टेशन रोड के व्यापारियों की पार्किंग समस्या को लेकर शिवसेना ने नगर निगम अधिकारियों से की वार्ता

कैलाश कुमार जिला रिपोर्टर मुरादाबाद यूपी

पार्किंग के नाम पर वसूली और व्यापारियों के उत्पीड़न का मुद्दा उठा, समस्या का समाधान नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

स्टेशन रोड क्षेत्र के व्यापारियों की पार्किंग संबंधी समस्याओं और कथित उत्पीड़न को लेकर शिवसेना के प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम अधिकारियों के साथ बैठक की। शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के नेतृत्व में व्यापारियों ने नगर निगम के उपनगर आयुक्त अजीत कुमार से मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।

बैठक के दौरान शिवसेना जिला प्रमुख और व्यापारियों ने आरोप लगाया कि स्टेशन रोड क्षेत्र में पार्किंग के नाम पर व्यापारियों और आम लोगों से पैसा वसूला जा रहा है, जिससे व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम अधिकारियों के सामने व्यापारियों के उत्पीड़न को तत्काल रोकने तथा पार्किंग के नाम पर हो रही वसूली पर कार्रवाई की मांग रखी।

शिवसेना पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि पार्किंग के नाम पर हो रही वसूली को तत्काल नहीं रोका गया तो व्यापारियों के साथ मिलकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।

शिवसेना के अनुसार, वार्ता के दौरान उपनगर आयुक्त अजीत कुमार ने संबंधित अधिकारियों को पार्किंग के नाम पर हो रही वसूली को तत्काल रोकने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्टेशन रोड क्षेत्र में जलभराव और पार्किंग सहित व्यापारियों की अन्य समस्याओं के स्थायी समाधान को लेकर भी चर्चा हुई।

बैठक में यह सहमति बनी कि शिवसेना के माध्यम से स्टेशन रोड क्षेत्र के व्यापारियों और नगर निगम के अधिकारियों की एक संयुक्त बैठक आयोजित कराई जाएगी। इस बैठक में जलभराव, पार्किंग व्यवस्था और व्यापारियों से जुड़ी अन्य स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने कहा कि व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को अधिकारियों के सामने प्रमुखता से रखा गया है और यदि दिए गए निर्देशों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ तो शिवसेना व्यापारियों के साथ आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

इस दौरान कमल सिंह राव, मनोज उपाध्याय, नरेंद्र सिक्का, पारस कपूर, अरुण ठाकुर, जितेंद्र कुमार, रतन भाटिया, सुमित कटयाल, बादाम सिंह, पंकज पाल, टिंकू सैनी, दीपक सक्सेना, आकाश सिंह, राहुल कुमार, हर्ष सिंह, सरदार इंद्रजीत सिंह सहित शिवसेना पदाधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!