उत्तर प्रदेशग्रेटर नोएडा

उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो UPITS 2026 की तैयारियों को लेकर हाईलेवल बैठक यातायात और आगंतुक सुविधाओं पर मंथन |

Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

ग्रेटर नोएडा, 11 सितंबर 2026। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS 2026) के चौथे संस्करण को सफल और सुचारु बनाने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 25 से 29 सितंबर 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले इस पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो को लेकर जिला प्रशासन, यातायात विभाग, आरडब्ल्यूए, उद्योग एवं व्यापार संघों तथा आयोजकों के बीच महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता गौतम बुद्ध नगर के एडीएम मंगलेंश दुबे ने की। इस दौरान इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (IEML) के ईडी (कॉरपोरेट) एवं सीईओ सुदीप सरकार सहित विभिन्न विभागों और संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक में मुख्य रूप से ट्रेड शो में आने वाले आगंतुकों, प्रदर्शकों और स्थानीय निवासियों की सुविधाओं पर चर्चा की गई। आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन और आयोजन स्थल तक आने-जाने की बेहतर व्यवस्था को लेकर सुझाव दिए। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

वहीं उद्योग एवं व्यापार संघों के प्रतिनिधियों के साथ UPITS 2026 से मिलने वाले कारोबारी अवसरों पर भी चर्चा हुई। इस वर्ष रूस, ऑस्ट्रिया, जापान, सिंगापुर और वियतनाम सहित पांच देशों की भागीदारी प्रस्तावित है। इससे प्रदेश के कारोबारियों और उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार, निवेश, सोर्सिंग और नए बाजारों से जुड़ने के अवसर मिलने की उम्मीद है।

बैठक में UPITS 2026 ऐप के जरिए B2B मीटिंग की सुविधा पर भी जोर दिया गया। खरीदार और प्रदर्शक अपनी जरूरत के अनुसार कारोबारी संपर्क तलाशने के साथ ही पहले से बैठक निर्धारित कर सकेंगे। इससे ट्रेड शो के दौरान कारोबारी संवाद को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा जिला प्रशासन और यातायात पुलिस के अधिकारियों के साथ ट्रैफिक डायवर्जन, वीआईपी मूवमेंट, पार्किंग व्यवस्था, परिवहन सुविधाओं और आयोजन स्थल के आसपास यातायात के सुचारु संचालन की विस्तृत समीक्षा की गई। संभावित जलभराव और सड़कों की स्थिति को लेकर भी समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं करने पर चर्चा हुई।

एडीएम मंगलेंश दुबे ने बताया कि UPITS 2026 के B2B और B2C वर्गों में करीब 5 लाख आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि प्रशासन, स्थानीय समुदाय, यातायात विभाग, उद्योग संगठनों और आयोजकों के बीच बेहतर समन्वय से ही इतने बड़े आयोजन को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से ट्रेड शो में पहुंचकर उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और कारोबारी क्षमताओं को देखने तथा अपने व्यवसाय को वैश्विक स्तर तक ले जाने के अवसर का लाभ उठाने की अपील की।

इस बार ODOP (वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट) के साथ उत्तर प्रदेश सरकार की ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुज़ीन’ (ODOC) पहल भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके माध्यम से प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय स्वाद को देश-विदेश के आगंतुकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।

IEML के ईडी (कॉरपोरेट) एवं सीईओ सुदीप सरकार ने बताया कि UPITS 2026 का अंतरराष्ट्रीय विस्तार लगातार बढ़ रहा है। अब तक 72 देशों से विदेशी खरीदारों के पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं और आयोजन की तारीख नजदीक आने के साथ यह संख्या बढ़ रही है।

UPITS अब उत्तर प्रदेश के उत्पादों, उद्योगों, हस्तशिल्प, कृषि, खाद्य, टेक्सटाइल और उभरते कारोबार को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने वाले बड़े मंच के रूप में पहचान बना चुका है। चौथे संस्करण में भी कारोबार, निवेश, सोर्सिंग और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

प्रशासन और आयोजकों का लक्ष्य है कि UPITS 2026 में आने वाले प्रत्येक आगंतुक, खरीदार और प्रदर्शक को बेहतर सुविधाएं मिलें और ग्रेटर नोएडा में आयोजित यह अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला उत्तर प्रदेश के बढ़ते वैश्विक कारोबारी इकोसिस्टम को नई मजबूती प्रदान करे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!