ग्रेटर नोएडा : सिरसा गांव मार्केट में अवैध कब्जों पर चला प्रशासन का डंडा सड़क से हटाई गईं रेडी-पटरी दुकानें
Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव स्थित मार्केट में सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ पुलिस और प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। लंबे समय से सड़क पर रेडी-पटरी दुकानदारों द्वारा किए जा रहे अतिक्रमण के चलते यहां आए दिन जाम की समस्या बनी रहती थी, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
इसी समस्या को देखते हुए प्रशासनिक टीम और पुलिस बल मौके पर पहुंचा और सड़क पर लगे अवैध ठेलों व दुकानों को हटवाया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने सभी दुकानदारों और रेडी-पटरी संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सड़क पर कब्जा न करे।
प्रशासन ने साफ चेतावनी दी कि यदि दोबारा सड़क पर अतिक्रमण किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद कुछ दुकानदार बार-बार नियमों की अनदेखी कर दोबारा सड़क पर कब्जा कर लेते हैं, जिससे सिरसा मार्केट में जाम की समस्या जस की तस बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन नियमित रूप से निगरानी करे और सख्ती बनाए रखे, तो इस समस्या से स्थायी समाधान मिल सकता है। फिलहाल, प्रशासन की इस कार्रवाई से कुछ समय के लिए जाम से राहत जरूर मिली है।




