जिला अस्पताल में भ्रष्टाचार के विरोध में शिवसेना का हल्ला बोल, CMO कार्यालय पर किया प्रदर्शन
Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

मुरादाबाद जिला अस्पताल में कथित बढ़ते भ्रष्टाचार, आमजन के आर्थिक एवं मानसिक उत्पीड़न और निजी नर्सिंग होम व प्राइवेट अस्पतालों में मरीजों से कथित लूट के विरोध में शिवसेना ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) कार्यालय पर हल्ला बोल प्रदर्शन किया।
शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान “भ्रष्टाचार बंद करो”, “लूटपाट बंद करो”, “भ्रष्टाचारी हाय-हाय” और “भ्रष्टाचार मिटाओ, जय भवानी-जय शिवाजी” जैसे नारे लगाए गए, जिससे जिला अस्पताल परिसर गूंज उठा।
शिवसेना पदाधिकारियों ने झोलाछाप डॉक्टरों के बढ़ते प्रभाव और उन पर कथित रूप से सरकारी अधिकारियों का संरक्षण होने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। साथ ही निजी नर्सिंग होम और प्राइवेट अस्पतालों में मरीजों से वसूली तथा इलाज के नाम पर हो रही कथित लूट को रोकने की मांग अधिकारियों के सामने रखी।
प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों ने शिवसेना की मांगों पर एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने कहा कि यदि निर्धारित समय में भ्रष्टाचार और निजी अस्पतालों की कथित मनमानी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो शिवसेना अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेगी।
कार्यक्रम में वीरेंद्र अरोड़ा, शिबू पांडे, आकाश सिंह, मयंक सैनी, राजीव राठौर, जीतू प्रजापति, तेजपाल सैनी, अरुण ठाकुर, उमेश ठाकुर, पंकज पाल, बादाम सिंह, रोहित, कैलाश, नितेश और सुरेश सैनी सहित शिवसेना के अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद
रहे।




