ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 का भव्य शुभारंभ, अमित शाह और सीएम योगी रहे मौजूद
Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में शुक्रवार को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के चौथे संस्करण का भव्य शुभारंभ केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।

25 से 29 सितंबर तक आयोजित हो रहे ट्रेड शो में देश-विदेश के खरीदारों, उद्यमियों, निवेशकों और व्यापारिक प्रतिनिधियों की भागीदारी हो रही है। इस संस्करण में 2,400 से अधिक एग्जिबिटर्स शामिल हुए हैं, जबकि 90 से अधिक देशों के 600 से ज्यादा विदेशी खरीदारों के पहुंचने की संभावना है।

अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश निवेश, उत्पादन, व्यापार और नवाचार का प्रमुख केंद्र बन रहा है और प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने डिफेंस कॉरिडोर, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और औद्योगिक माहौल को प्रदेश में निवेश बढ़ने का प्रमुख आधार बताया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो पारंपरिक उद्यमों, कारीगरों, युवाओं के इनोवेशन और एमएसएमई सेक्टर को वैश्विक मंच उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि ओडीओपी के माध्यम से उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को देश और दुनिया के बाजार से जोड़ने का काम किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न औद्योगिक, हस्तशिल्प और उत्पादों के स्टॉलों का अवलोकन किया। साथ ही ‘एक जनपद, एक व्यंजन’ पोर्टल का शुभारंभ भी किया गया।

इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।




