उत्तर प्रदेशग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा में UPITS 2026 के दूसरे दिन कारोबार में जोरदार उछाल, 7,500 B2B बैठकें और ₹550 करोड़ के समझौते

Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 के दूसरे दिन कारोबार, तकनीक, संस्कृति और खान-पान का शानदार संगम देखने को मिला। सुबह से ही ट्रेड विजिटर्स, अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, उद्यमियों, विद्यार्थियों और आम लोगों की भारी भीड़ ट्रेड शो में पहुंची। आयोजन के पहले दो दिनों में करीब 2 लाख आगंतुकों की मौजूदगी ने UPITS 2026 के प्रति लोगों के बढ़ते उत्साह को दर्शाया।

दूसरे दिन कारोबार को लेकर भी जबरदस्त गतिविधियां देखने को मिलीं। अंतरराष्ट्रीय और घरेलू खरीदारों तथा प्रदर्शकों के बीच करीब 7,500 B2B बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों के परिणामस्वरूप लगभग 450 MoUs और व्यावसायिक समझौते हुए, जिनका अनुमानित व्यावसायिक मूल्य करीब 550 करोड़ रुपये बताया गया है। इससे उत्तर प्रदेश के उत्पादों, एमएसएमई, स्टार्टअप, निर्यातकों और स्थानीय उद्यमियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की दिशा में ट्रेड शो की भूमिका सामने आई।

 

इससे पहले पहले दिन विदेशी खरीदारों और उत्तर प्रदेश के विक्रेताओं के बीच 2,000 से अधिक B2B बैठकें हुई थीं, जिनसे करीब 140 करोड़ रुपये के 200 से अधिक MoUs और व्यावसायिक समझौते हुए थे। दूसरे दिन कारोबारी गतिविधियों में और तेजी देखने को मिली।

UPITS 2026 के दूसरे दिन केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद भी ट्रेड शो पहुंचे। उन्होंने “UP’s Journey from Electronics Leader to Semiconductor Powerhouse” विषय पर आयोजित सत्र में हिस्सा लिया। इस दौरान टेक्नोलॉजी ट्रांसफर, घरेलू विनिर्माण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और भारतीय उत्पादों को वैश्विक गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तैयार करने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।

ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रियों की भी सक्रिय भागीदारी रही। विभिन्न सेक्टर आधारित सत्रों में आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, नगर विकास, परिवहन, स्वास्थ्य, फार्मा और मेडटेक जैसे क्षेत्रों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई

वहीं One District One Cuisine यानी ODOC दूसरे दिन आगंतुकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजनों ने लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया। गोरखपुर का लिट्टी-चोखा, बनारसी पान, दाल मुरादाबादी, अलीगढ़ की आलू कचौड़ी, इटावा का खीर मोहन और सुल्तानपुर की कड़ाहा की पूरी जैसे व्यंजनों को लोगों ने खूब पसंद किया। ODOC के जरिए उत्तर प्रदेश की पारंपरिक पाक विरासत को कारोबार, फूड प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, पर्यटन और उद्यमिता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

ट्रेड शो में आयोजित नॉलेज सेशंस भी चर्चा का प्रमुख विषय रहे। नगर विकास विभाग की ओर से सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा और वाहन फिटनेस तथा आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में सेमीकंडक्टर और AI इकोसिस्टम को लेकर विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे। स्वास्थ्य क्षेत्र में सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ फार्मा एवं मेडटेक सेक्टर में निवेश और वैश्विक अवसरों पर भी चर्चा हुई।

UPITS 2026 में युवाओं की भागीदारी भी देखने को मिली। विद्यार्थियों ने क्विज प्रतियोगिता, मॉडल यूनाइटेड नेशंस (MUN) और MIME जैसी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इन कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार, उद्यमिता, तकनीक और सार्वजनिक नीति जैसे विषयों को करीब से समझने का अवसर मिला।

दूसरे दिन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी लोगों का मनोरंजन किया। लोक गायन, कथक नृत्य और ढेड़िया नृत्य की प्रस्तुतियों के बाद लोकप्रिय गायिका मोनाली ठाकुर की स्टार नाइट ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

कुल मिलाकर UPITS 2026 का दूसरा दिन कारोबार और मनोरंजन के साथ-साथ तकनीक, परंपरा और युवा भागीदारी के लिहाज से खास रहा। UPITS 2026 अब 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में जारी रहेगा, जहां देश-विदेश से आने वाले खरीदारों, उद्यमियों और आगंतुकों को उत्तर प्रदेश के उत्पादों और उसकी आर्थिक एवं सांस्कृतिक विविधता को करीब से देखने का अवसर मल रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!