उत्तर प्रदेशग्रेटर नोएडा

किसानों की महापंचायत में उमड़ा जनसैलाब, राकेश टिकैत ने कहा—मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा धरना

Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

गौतम बुद्ध नगर, 14 सितंबर 2026। भारतीय किसान यूनियन की ओर से गौतम बुद्ध नगर में आयोजित किसान महापंचायत में जिले के सैकड़ों गांवों से हजारों किसान, महिलाएं और युवा पहुंचे। महापंचायत में किसानों की लंबित मांगों को लेकर प्रशासन और सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की गई।

महापंचायत को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने संबोधित किया। महापंचायत के बाद असल गोल्फ से बड़ी संख्या में किसान पैदल मार्च करते हुए यमुना प्राधिकरण के सामने पहुंचे। पुलिस द्वारा रास्ता रोकने और सख्ती किए जाने से नाराज किसान सड़क पर ही बैठ गए और प्रशासन व सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि किसानों की कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं और प्राधिकरणों की ओर से बार-बार आश्वासन दिए जाने के बावजूद उनका समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “जब तक किसानों की मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक धरना जारी रहेगा।

महापंचायत में किसानों ने प्रमुख रूप से 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा, 10 प्रतिशत किसान कोटा के प्लॉट और आबादी के मामलों का निस्तारण जल्द कराने की मांग उठाई। इसके अलावा क्षेत्र में खाद की कालाबाजारी रोकने, नहरों में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने और बढ़ी हुई बिजली दरों पर रोक लगाने की मांग भी की गई।

किसानों ने गलत तरीके से किए गए भूमि अधिग्रहण को लेकर प्रशासन से स्पष्ट नीति बनाने की मांग रखी। वहीं, जेवर एयरपोर्ट से प्रभावित क्षेत्र के युवाओं को रोजगार देने और भूमिहीन किसानों को 120 वर्ग मीटर के प्लॉट दिए जाने की मांग भी महापंचायत में प्रमुखता से उठाई गई।

किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। महापंचायत और धरने के दौरान बड़ी संख्या में किसान व भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!