ग्रेटर नोएडा

UPITS-2026 को लेकर DM मेधा रूपम सख्त, होटल संचालकों को दिए जरूरी निर्देश

Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

ग्रेटर नोएडा। 25 से 29 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS-2026) की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। ट्रेड शो में देश-विदेश से आने वाले मेहमानों को बेहतर और सुरक्षित आतिथ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी मेधा रूपम ने होटल संचालकों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि ट्रेड शो के दौरान होटलों में आने वाले राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मेहमानों को विश्वस्तरीय, सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने होटल संचालकों को निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।

DM ने कहा कि ट्रेड शो के दौरान होटलों में कमरों की बुकिंग निर्धारित रूम टैरिफ के अनुसार ही की जाए। मेहमानों से मनमाना किराया वसूलने या ओवरप्राइसिंग की शिकायत मिलने पर संबंधित होटल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने होटल परिसरों में सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। विदेशी और घरेलू मेहमानों की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के साथ-साथ कमरों, लॉबी, रेस्टोरेंट और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई और हाइजीन का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा ट्रेड शो के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर भी प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। होटलों, लाउंज और फूड स्टॉलों पर भोजन की गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा की जांच के लिए विशेष खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की तैनाती की जा रही है, ताकि मेहमानों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सके।

मेहमानों की सुविधाओं और होटल संचालकों द्वारा नियमों के पालन की निगरानी के लिए जिला प्रशासन की ओर से नोडल अधिकारियों की तैनाती भी की जाएगी। ये अधिकारी होटल की व्यवस्थाओं, सुरक्षा, स्वच्छता और मेहमानों से जुड़ी समस्याओं पर नजर रखेंगे।

जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि UPITS-2026 में देश-विदेश से आने वाले मेहमानों को बेहतर अनुभव मिले और ग्रेटर नोएडा की सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित आतिथ्य व्यवस्था की सकारात्मक छवि सामने आए।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!