पाञ्चजन्य की डॉक्यूमेंट्री ‘अमिट अटल’ का भव्य प्रदर्शन, दत्तात्रेय होसबाले और डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने साझा किए संस्मरण
Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

नई दिल्ली, 3 जुलाई। साप्ताहिक पत्र पाञ्चजन्य द्वारा भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन, व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित विशेष वृत्तचित्र ‘अमिट अटल (The Unforgettable Atal)’ का भव्य प्रदर्शन नई दिल्ली के झंडेवालान स्थित विचार विनिमय न्यास सभागार में किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह श्री दत्तात्रेय होसबाले मुख्य अतिथि तथा प्रख्यात विचारक एवं वरिष्ठ राजनीतिज्ञ डॉ. मुरली मनोहर जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर पाञ्चजन्य के संपादक हितेश शंकर सहित अनेक लेखक, पत्रकार और बुद्धिजीवी भी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में श्री दत्तात्रेय होसबाले ने वृत्तचित्र के निर्माण के लिए पाञ्चजन्य की टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रस्तुति अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन के कई ऐतिहासिक प्रसंगों और संस्मरणों को जीवंत करती है। उन्होंने कहा कि अटल जी ने कम उम्र में पाञ्चजन्य के प्रथम संपादक के रूप में दायित्व संभाला और पत्रकारिता, लेखन, कविता तथा प्रभावशाली वक्तृत्व के माध्यम से राष्ट्र जीवन पर अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने अटल जी की पत्रकारिता को तपस्या और राष्ट्रसेवा का माध्यम बताते हुए कहा कि यह वृत्तचित्र नई पीढ़ी को उनके विचारों और जीवन से जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
विशिष्ट अतिथि डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने अटल जी के साथ बिताए दशकों पुराने संस्मरण साझा किए। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने सार्वजनिक जीवन में कभी भी विचारों और सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उन्होंने अटल जी के संघ के साथ संबंध, संसद में उनके स्पष्ट रुख तथा राष्ट्रीय मुद्दों पर उनकी दृढ़ सोच का उल्लेख करते हुए कहा कि आज देश को उनके जैसी समन्वयकारी और सिद्धांतनिष्ठ कार्यशैली की आवश्यकता है।
वृत्तचित्र ‘अमिट अटल’ में अटल बिहारी वाजपेयी के स्वयंसेवक, प्रखर पत्रकार, ओजस्वी कवि, दूरदर्शी संपादक और देश के प्रधानमंत्री बनने तक के सफर को प्रामाणिक तथ्यों और दुर्लभ प्रसंगों के साथ प्रस्तुत किया गया है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों ने वृत्तचित्र की सराहना करते हुए इसे अटल जी के जीवन और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बताया।




