गौतम बुद्ध नगर में श्रमिक दिवस पर मेगा हेल्थ कैंप डीएम मेधा रूपम की अपील
Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

गौतम बुद्ध नगर: जिलाधिकारी मेधा रूपम ने श्रमिक दिवस (01 मई) के अवसर पर जनपद के सभी श्रमिकों और आम नागरिकों से निशुल्क मेगा हेल्थ कैंप का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि 01 मई को सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक पूरे जिले में व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी के अनुसार, इस मेगा कैंप का आयोजन जनपद के कुल 201 स्थानों पर किया जा रहा है, जिनमें 134 सरकारी अस्पताल एवं हेल्थ वेलनेस सेंटर के साथ-साथ 67 निजी अस्पताल भी शामिल हैं। इन शिविरों में श्रमिकों और आमजन को निशुल्क जांच, परामर्श और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी।
मेधा रूपम ने कहा कि श्रमिक समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनके स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी श्रमिकों से अपील की कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समय पर अपनी स्वास्थ्य जांच कराएं।
प्रशासन द्वारा इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।




