ग्रेटर नोएडा में गूंजे बाबा बालाजी के भजन, 500 से अधिक श्रद्धालु भक्ति में हुए लीन
Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

ग्रेटर नोएडा। श्री बालाजी मानव सेवा समिति की ओर से 25 अक्टूबर को तिवोली स्थित द रॉयल हैबिटेट सेंटर में 15वें वार्षिक महोत्सव के अवसर पर ‘एक शाम बालाजी के नाम’ भव्य एवं दिव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में स्वर कोकिला के नाम से प्रसिद्ध गायिका पूजा सखी पटियाला वाली ने अपने भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्ति संगीत की धुनों पर पूरा पंडाल भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालु झूमते-गाते नजर आए। कार्यक्रम में 500 से अधिक श्रद्धालुओं एवं मातृशक्ति की उपस्थिति रही।

समिति के मीडिया प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि श्री बालाजी मानव सेवा समिति कई वर्षों से भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। समिति का लक्ष्य ग्रेटर नोएडा में मेहंदीपुर बालाजी धाम की तर्ज पर भव्य एवं दिव्य सनातन धाम का निर्माण करना है।

सनातन धाम के निर्माण का संकल्प
समिति के संस्थापक एवं प्रबंधक सतेंद्र राघव ने कहा कि ग्रेटर नोएडा में भव्य सनातन धाम के निर्माण का संकल्प लेकर वह समाज के बीच निरंतर कार्य करते रहेंगे। उनका उद्देश्य सनातन संस्कृति, संस्कारों और सभ्यता को मजबूत करने के साथ जरूरतमंद लोगों की यथासंभव सहायता करना है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता और सेवा भाव के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना समिति की प्राथमिकता है।

समाजसेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय है समिति
सतेंद्र राघव ने बताया कि समिति आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के सामूहिक विवाह, जरूरतमंद बच्चों एवं विद्यालयों में कॉपी-किताब और ड्रेस वितरण, स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग तथा गरीब बस्तियों और झुग्गियों में राशन एवं कपड़ों का वितरण जैसे कार्य करती रही है। इसके अतिरिक्त, संस्कार केंद्र के माध्यम से बच्चों को निःशुल्क शिक्षा भी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने भविष्य में इन सामाजिक गतिविधियों को और गति देने की बात कही।

गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
भजन संध्या में मुख्य यजमान के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी एवं बिल्डर अंकुर मित्तल अपने परिवार के साथ उपस्थित रहे। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा भी अपनी टीम के साथ बाबा के दरबार में पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान ग्रेटर नोएडा के विभिन्न क्षेत्रों से आए वरिष्ठ समाजसेवियों का मंच पर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज सिंघल, उपाध्यक्ष मुकेश यादव, कुलदीप शर्मा, सत्य प्रकाश अग्रवाल, महासचिव प्रमोद चौहान, सचिव आशीष बंसल, व्यवस्था प्रमुख जयप्रकाश सिंह, रविकांत चौरसिया, पुनीत श्रीवास्तव, सहकोषाध्यक्ष पवन मित्तल, लेखा अधिकारी आशुतोष जैना, आरएसएस के विभाग प्रचारक चरणजीत, विश्व हिंदू परिषद के विभाग संगठन मंत्री मुनेंद्र, आलोक सिंह, बीना अरोड़ा, सीमा सिंह, प्रतिमा सिंह, मिली गुप्ता, किरण मिश्रा, महिमा पाण्डेय, राखी मित्तल, अंजू शर्मा, पिंकी त्रिपाठी, नवनीता, गुड़िया सिंह, महेश, विद्या, ओम सहित समिति के अनेक पदाधिकारी, सदस्य एवं उनके परिजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता ने भक्ति, सामाजिक समरसता और सेवा के संदेश को मजबूत किया।




