मुरादाबाद

मुरादाबाद में शिवसेना पदाधिकारियों को पुलिस ने रोका, सड़क पर बैठकर जताया विरोध

कैलाश कुमार जिला रिपोर्टर मुरादाबाद यूपी

प्रशासन पर भाजपा नेताओं के इशारे पर कार्रवाई करने का आरोप, भ्रष्टाचार के खिलाफ जेल भरो आंदोलन की चेतावनी

मुरादाबाद। शिवसेना के पदाधिकारियों के कार्यक्रम के दौरान शुक्रवार को मुरादाबाद में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब पारस प्लाजा, बुद्धि विहार से चौधरी चरण सिंह चौराहे की ओर जा रहे शिवसेना कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक दिया। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

शिवसेना पदाधिकारियों के अनुसार, पुलिस अधिकारियों ने बलपूर्वक कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोका। इसके विरोध में शिवसेना के जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा सहित पदाधिकारी और कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए तथा प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।

वीरेंद्र अरोड़ा ने आरोप लगाया कि प्रशासन भाजपा नेताओं के इशारे पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर जनता विभिन्न समस्याओं और कथित भ्रष्टाचार से परेशान है, वहीं दूसरी ओर शिवसेना द्वारा जनता की आवाज उठाने पर उसके पदाधिकारियों को रोकने का प्रयास किया जा रहा है।

शिवसेना जिला प्रमुख ने कहा कि संगठन भ्रष्टाचार और जनसमस्याओं के मुद्दे पर लगातार आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भ्रष्टाचार पर रोक नहीं लगी और उनकी ओर से उठाई जा रही मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो शिवसेना बड़े स्तर पर जेल भरो आंदोलन शुरू करेगी।

कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। कार्यक्रम के दौरान पुलिस और शिवसेना पदाधिकारियों के बीच काफी देर तक तनातनी की स्थिति बनी रही।

शिवसेना पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज उठाना उनका अधिकार है और प्रशासन द्वारा आंदोलन को दबाने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा।

कार्यक्रम में वीरेंद्र अरोड़ा, कमल सिंह राव, मुदित उपाध्याय, शिबू पांडे, तिलक राज शर्मा, अरुण ठाकुर, राजीव राठौर, जीतू प्रजापति, तेजपाल सैनी, पारस कपूर, विकी कश्यप, अंकुर टंडन, विशाल सैनी, प्रदीप, महेश, शंभू सैनी, सुरेश सैनी, राजपाल, धर्मेंद्र, राजू, आकाश, मयंक सैनी, अंकित, कैलाश और राहुल गांधी सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!