उत्तर प्रदेशग्रेटर नोएडा

यूपीआईटीएस 2026 ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक सजेगा यूपीआईटीएस 2026, मुख्यमंत्री योगी ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए जरूरी निर्देश

Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश को वैश्विक व्यापार, निवेश, निर्माण और निर्यात के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 का चौथा संस्करण 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आयोजन को सुरक्षित, व्यवस्थित और अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने के निर्देश दिए।

इस वर्ष यूपीआईटीएस में जापान, वियतनाम, रूस, सिंगापुर, ऑस्ट्रिया और बेलारूस सहित छह भागीदार देशों की भागीदारी होगी। करीब 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के पहुंचने की संभावना है। आयोजन में 20 से अधिक महत्वपूर्ण नॉलेज सेशन, बी2बी बैठकें और व्यावसायिक संवाद आयोजित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने विदेशी खरीदारों और प्रतिनिधिमंडलों के लिए बेहतर आवास, संपर्क अधिकारियों की नियुक्ति तथा आगंतुकों की सहायता के लिए गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय और तकनीकी संस्थानों के छात्रों की तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, उद्योग जगत और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के बीच संवाद को बढ़ाने पर भी जोर दिया।

यूपीआईटीएस 2026 में इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, एमएसएमई, ओडीओपी, मेडटेक, कृषि, रक्षा एवं एयरोस्पेस, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिक वाहन, फार्मा, हेल्थकेयर, टेक्सटाइल, हथकरघा, पर्यटन और संस्कृति समेत कई प्रमुख क्षेत्रों की प्रदर्शनी होगी। करीब 36,500 वर्ग मीटर प्रदर्शनी क्षेत्र बुक किया जा चुका है।

आयोजन में उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता भी देखने को मिलेगी। कथक, पखावज, सितार, भोजपुरी और आल्हा गायन, राई एवं थारू जनजातीय नृत्य के साथ स्टार म्यूजिकल नाइट्स सहित 25 सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रस्तावित हैं।

मुख्यमंत्री ने संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात, पार्किंग, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल और सार्वजनिक परिवहन की विशेष व्यवस्था के निर्देश दिए। पुलिस कमिश्नरेट गौतम बुद्ध नगर ने आयोजन स्थल तक आने-जाने वाले मार्गों, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी। आयोजकों के अनुसार आगंतुकों की सुविधा के लिए 500 से अधिक ईवी शटल बसों की व्यवस्था की जाएगी।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों और वीवीआईपी मेहमानों के लिए यूपीआईटीएस सुविधा काउंटर भी संचालित किया जा रहा है। वहीं मेट्रो, बस, रेडियो, डिजिटल प्लेटफॉर्म और अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार अभियान चलाया जा रहा है।

जिलाधिकारी मेधा रूपम ने जिले में आरडब्ल्यूए, औद्योगिक संगठनों, स्कूल-कॉलेजों और युवाओं के साथ किए जा रहे जनसंपर्क की जानकारी दी। युवाओं को जोड़ने के लिए डिजिटल रील चैलेंज, यंग एंटरप्रेन्योर प्रतियोगिता और क्विज जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

‘Ultimate Sourcing Begins Here’ थीम पर आयोजित यूपीआईटीएस 2026 में उत्तर प्रदेश के उत्पादों, उद्योगों, निवेश की संभावनाओं और सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। पांच दिवसीय यह आयोजन ग्रेटर नोएडा को व्यापार और औद्योगिक गतिविधियों के एक बड़े केंद्र के रूप में प्रदर्शित करने का अवसर देगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!