ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की लापरवाही से तिलपता करणवास में महिला की दर्दनाक मौत का आरोप
Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

ग्रेटर नोएडा। ग्राम तिलपता करणवास में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की कथित लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। गाँव की मुख्य सड़क पर स्थित तालाब में पिछले लगभग छह माह से सौंदर्यीकरण का कार्य चल रहा था। तालाब के आसपास सुरक्षा व्यवस्था एवं पर्याप्त बैरिकेडिंग नहीं होने के कारण सड़क पर पानी भरा हुआ तो एक लड़की फिसलकर गहरे पानी में गिर गई, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

तिलपता निवासी एवं भारतीय किसान यूनियन मंच के जिलाध्यक्ष अक्षय मुखिया ने आरोप लगाया कि तालाब के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। निर्माण कार्य के दौरान लोगों की सुरक्षा को लेकर ठेकेदार एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा गंभीर लापरवाही बरती गई, जिसका खामियाजा एक परिवार को अपनी महिला सदस्य की जान गंवाकर भुगतना पड़ा।
उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में खुले गड्ढों और असुरक्षित निर्माण स्थलों के कारण पहले भी हादसे हो चुके हैं। नोएडा में युवराज मेहता की खुले गड्ढे में गिरने से तथा ग्रेटर नोएडा की कलाधाम सोसाइटी में छह वर्षीय सूर्यो यादव की खुले गड्ढे में गिरने से हुई मौत जैसी घटनाएँ बेहद चिंताजनक हैं। लगातार ऐसी घटनाओं से स्पष्ट है कि निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीरता बरतने की आवश्यकता है।
भारतीय किसान यूनियन मंच ने मांग की है कि इस घटना की निष्पक्ष जांच कराकर जिम्मेदार ठेकेदार, संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए तथा लापरवाही पाए जाने पर उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। संगठन ने ठेकेदार प्रेमपाल एवं संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की भी मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि तिलपता गाँव में लगातार जलभराव की समस्या बनी हुई है और मुख्य मार्ग पर भारी जाम रहता है, जिसके कारण ग्रामीणों एवं राहगीरों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। घटना के बाद ग्रामीणों में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के प्रति भारी आक्रोश है।
भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय महासचिव मास्टर मनमिंदर भाटी ने कहा कि प्रशासन को किसी बड़ी घटना के बाद जागने के बजाय पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की लापरवाही इसी प्रकार जारी रही और क्षेत्र की विकास संबंधी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो भारतीय किसान यूनियन मंच ग्रामीणों के साथ मिलकर वृहद आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा।
उन्होंने कहा कि किसी भी विकास कार्य से पहले आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सभी निर्माण स्थलों एवं तालाबों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत अनिवार्य रूप से लगाए जाने चाहिए।
इस मौके पर सोभी भाटी, विकास भाटी, बिंजी भाटी, मोहित अधाना, अनिल सहाजी, सोनू भाटी, विजयपाल भाटी, प्रेमराज भगत जी, सेंकी भाटी,मोहित भाटी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।




