
तिब्बत में बांध/अस्थायी झील के ओवरफ्लो होने से नेपाल में बढ़ी दहशत, प्रशासन हाई अलर्ट पर
नेपाल-तिब्बत सीमा क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ की तबाही के बीच एक बार फिर नए सैलाब का खतरा पैदा हो गया है। तिब्बत की ओर बनी अस्थायी झील के ओवरफ्लो होने की सूचना के बाद नेपाल में प्रशासन ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं।
खतरे को देखते हुए प्रभावित इलाके में राहत और बचाव अभियान को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। सुरक्षा बलों और रेस्क्यू टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया, जबकि स्थानीय लोगों को निचले इलाकों से निकलकर सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी गई।
पहले आई भीषण फ्लैश फ्लड ने नेपाल और तिब्बत सीमा क्षेत्र में भारी तबाही मचाई थी। कई घर, पुल, सड़कें और अन्य महत्वपूर्ण ढांचे बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। अब दोबारा पानी बढ़ने की आशंका ने प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
नेपाल में हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी अफवाह पर भरोसा न करने की अपील की है।

