उत्तर प्रदेशग्रेटर नोएडा

जिला कारागार गौतमबुद्धनगर में भावपूर्ण माहौल में मनाया गया रक्षाबंधन पर्व

Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

2466 माताओं और बहनों ने पहुंचकर बंदियों से की मुलाकात, कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने महिला बंदियों से बंधवाई राखी

गौतमबुद्धनगर। जिला कारागार गौतमबुद्धनगर में शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व भावपूर्ण और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में बंदियों के परिजन, माताएं, बहनें और बच्चे अपने भाई एवं पुत्रों से मुलाकात करने कारागार पहुंचे।

शाम 4 बजे तक कुल 2466 माताओं एवं बहनों ने कारागार में निरुद्ध अपने भाई अथवा पुत्र से मुलाकात की। इस दौरान परिजनों और बंदियों के बीच भाई-बहन के पवित्र स्नेह और पारिवारिक भावनाओं का मार्मिक दृश्य देखने को मिला।

रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तर प्रदेश के कारागार मंत्री श्री दारा सिंह चौहान ने जिला कारागार गौतमबुद्धनगर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मुलाकात के लिए पहुंचे परिजनों से बातचीत की और फल, बिस्कुट, पानी व खिचड़ी आदि का वितरण किया। कई बहनों ने इस पहल के लिए उत्तर प्रदेश सरकार, कारागार मंत्री और जेल प्रशासन का आभार जताया।

इसके बाद कारागार मंत्री ने महिला बैरक का निरीक्षण कर महिला बंदियों का हालचाल जाना। जिन महिला बंदियों से रक्षाबंधन पर कोई परिजन मुलाकात करने नहीं पहुंचा, उनके साथ मंत्री ने विशेष रूप से रक्षाबंधन मनाया और उनसे राखी बंधवाई। इस दौरान महिला बंदियों को वस्त्र एवं मिठाई वितरित की गई, जबकि उनके साथ कारागार में रह रहे बच्चों को चॉकलेट और बिस्कुट दिए गए।

मंत्री ने महिला बंदियों से उनके परिवार और मामलों से संबंधित जानकारी भी ली तथा महिलाओं के कल्याण, सम्मान और पुनर्वास के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं और नीतियों की जानकारी दी।

रक्षाबंधन पर कारागार में आने वाले आगंतुकों के लिए सामाजिक संस्थाओं की ओर से भी विशेष व्यवस्थाएं की गईं। भारत विकास परिषद गौतमबुद्धनगर शाखा द्वारा करीब 1500 लोगों को खिचड़ी वितरित की गई। अपराध निरोधक समिति उत्तर प्रदेश की ओर से फल और बिस्कुट तथा इनर व्हील क्लब ग्रेटर नोएडा की ओर से फ्रूट जूस वितरित किया गया। जेल प्रशासन द्वारा भी चाय और बिस्कुट की व्यवस्था की गई।

आयोजन को सफल बनाने में जेल अधीक्षक श्री बृजेश कुमार, जेलर श्री संजय कुमार शाही, श्री राजेश कुमार मौर्य सहित कारागार के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पूरा आयोजन शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। रक्षाबंधन के इस आयोजन ने बंदियों और उनके परिजनों के बीच पारिवारिक रिश्तों और भावनात्मक जुड़ाव को और मजबूत किया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!