ग्रेटर नोएडा में स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो घायल; दो बंधक युवक सकुशल मुक्त
Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

ग्रेटर नोएडा। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर थाना दनकौर क्षेत्र में पुलिस और लिफ्ट देकर राहगीरों को बंधक बनाकर लूटने वाले गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने कार के अंदर बंधक बनाए गए दो युवकों को सकुशल मुक्त करा लिया।
पुलिस के मुताबिक, पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली थी कि कार सवार युवकों ने एक युवक को सवारी के रूप में बैठाकर बंधक बना लिया है और डराने-धमकाने के बाद ऑनलाइन पैसे ऐंठे हैं। सूचना पर दनकौर पुलिस और पीआरवी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध आई-20 कार HR 10 X 0405 की तलाश शुरू की।
पुलिस के अनुसार, अंडरपास के पास घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
घायल बदमाशों की पहचान अभिनय पल्लव (24 वर्ष), निवासी महमदपुर, थाना काको, जहानाबाद, बिहार और सत्यम सिंह (22 वर्ष), निवासी शुगर मिल भउआपुर मस्तान नगर, थाना सिम्भावली, हापुड़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने कार से बंधक बनाए गए हेमेंद्र (27 वर्ष), निवासी धौलपुर, राजस्थान और नमन (18 वर्ष), निवासी कानपुर नगर को सकुशल मुक्त कराया।
मौके से वारदात में प्रयुक्त आई-20 कार, दो .315 बोर के तमंचे, दो खोखे, पांच जिंदा कारतूस, एक अवैध चाकू, चार मोबाइल फोन और पीड़ितों से छीने गए 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।




