मेरठ की घटना पर शिवसेना का विरोध, दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
कैलाश कुमार जिला रिपोर्टर मुरादाबाद यूपी

मुरादाबाद : शिवसेना जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा ने जिला मुख्यालय पर पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मेरठ में दलित समुदाय के साथ कथित पुलिस अत्याचार और पुलिस अधिकारियों के कथित अभद्र व्यवहार की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान होना चाहिए और किसी भी नागरिक के साथ अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक के दौरान वीरेंद्र अरोड़ा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से मांग की कि मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा यदि आरोप सिद्ध हों तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में शिवसेना के पश्चिम उत्तर प्रदेश प्रभारी धर्मेंद्र तोमर से भी वार्ता हुई, जिसमें पूरे प्रदेश में इस मुद्दे को लेकर जनआंदोलन चलाने और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ चरणबद्ध कार्यक्रम आयोजित करने की रणनीति पर चर्चा की गई।
- बैठक में कमल सिंह राव, अरुण ठाकुर, आकाश सिंह, विक्रम सिंह, उमेश ठाकुर और मयंक सैनी सहित अन्य शिवसेना कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




