मामूरा में खुले में कूड़ा डालने से बढ़ी परेशानी, स्वच्छता के दावों पर उठे सवाल
Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

नोएडा। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के दावे करने वाले नोएडा प्राधिकरण की व्यवस्थाओं पर सेक्टर-66 स्थित मामूरा गांव की तस्वीरें सवाल खड़े कर रही हैं। गांव में यूनियन बैंक के सामने गली नंबर-1 के पास खुले में कूड़ा डाले जाने से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि रिहायशी इलाके और कार्यालयों के बेहद करीब लगातार कूड़ा डंप किया जा रहा है। कूड़े के ढेर से उठने वाली दुर्गंध के कारण आसपास रहने वाले लोगों के साथ-साथ यहां काम करने वाले कर्मचारियों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि गर्मी और बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

निवासियों के अनुसार, जहां एक ओर शहर में स्वच्छता अभियान चलाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मामूरा गांव के बीचोंबीच कूड़ा डंप किए जाने से स्वच्छता व्यवस्था की पोल खुल रही है। लोगों का आरोप है कि ग्रीन बेल्ट और रिहायशी क्षेत्र को धीरे-धीरे अवैध डंपिंग ग्राउंड में तब्दील किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार नोएडा प्राधिकरण से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। लगातार शिकायतों के बावजूद कूड़ा उठाने और स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों और स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही खुले में कूड़ा डालना बंद नहीं किया गया और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की गई, तो वे नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
अब सवाल यह है कि स्वच्छ नोएडा का दावा करने वाला प्राधिकरण मामूरा की इस गंभीर समस्या का समाधान कब करेगा और स्थानीय लोगों को गंदगी व बदबू से कब राहत मिलेगी।




