दिल्ली एनसीआर

दिल्ली रोडशो से शुरू हुआ UPITS 2026 का देशव्यापी अभियान 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा में होगा भव्य आयोजन

Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

ग्रेटर नोएडा नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 के चौथे संस्करण के प्रचार अभियान का शुभारंभ गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित भव्य रोडशो के साथ किया गया। इस रोडशो के जरिए देशभर के उद्योगपतियों, निर्यातकों, निवेशकों, खरीदारों और व्यापारिक संगठनों को आगामी ट्रेड शो से जोड़ने की शुरुआत की गई। उत्तर प्रदेश सरकार और इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (IEML) द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जाने वाला यह प्रतिष्ठित आयोजन 25 से 29 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होगा।

नई दिल्ली में आयोजित रोडशो में उत्तर प्रदेश सरकार के एमएसएमई मंत्री भूपेन्द्र चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, प्रमुख सचिव एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग शशि भूषण लाल सुशील, विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव अजय कुमार, इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार, सीईओ सुदीप सरकार तथा फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन्स (FIEO) के अतिरिक्त महानिदेशक सुविध शाह सहित कई प्रमुख अधिकारी और उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एमएसएमई मंत्री भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि UPITS आज उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, उद्यमशीलता, निर्यात शक्ति और सांस्कृतिक समृद्धि को प्रदर्शित करने वाला एक प्रभावी मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन MSME क्षेत्र को मजबूती प्रदान करने, ODOP उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने और नए व्यापारिक अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में UPITS एक महत्वपूर्ण उत्प्रेरक साबित होगा।

एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि भारत में व्यापार मेलों और बाजारों की समृद्ध परंपरा रही है, जिसे आधुनिक और वैश्विक स्वरूप देने के उद्देश्य से UPITS की परिकल्पना की गई। उन्होंने कहा कि यह मंच उत्तर प्रदेश के उत्पादों, कारीगरों, शिल्पकारों और उद्यमियों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने का कार्य कर रहा है।

प्रमुख सचिव शशि भूषण लाल सुशील ने कहा कि UPITS उत्तर प्रदेश सरकार के उस विजन का हिस्सा है, जिसके तहत राज्य को व्यापार, निवेश, विनिर्माण और निर्यात के लिए एक पसंदीदा गंतव्य बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि देशभर में आयोजित होने वाले रोडशो के माध्यम से उद्योग जगत के साथ संवाद बढ़ाने और अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि पिछले तीन संस्करणों में मिली अभूतपूर्व सफलता ने साबित कर दिया है कि UPITS उद्योग जगत और व्यापार समुदाय का भरोसेमंद मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि आगामी संस्करण में व्यापारिक अवसरों, निवेश और अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के नए रिकॉर्ड स्थापित होने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में FIEO के अतिरिक्त महानिदेशक सुविध शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के उत्पादों और व्यावसायिक अवसरों के प्रति वैश्विक स्तर पर लगातार रुचि बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि FIEO अधिक से अधिक विदेशी खरीदारों को जोड़कर भारतीय निर्यातकों को नए अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

गौरतलब है कि सितंबर 2025 में आयोजित UPITS के पिछले संस्करण का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में MSME क्षेत्र, स्थानीय उद्योगों और ‘मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड’ अभियान को बढ़ावा देने में इस आयोजन की भूमिका की सराहना की थी।

UPITS 2025 ने कई नए रिकॉर्ड स्थापित किए थे। आयोजन में 5 लाख 7 हजार से अधिक आगंतुक शामिल हुए थे, जिनमें 1 लाख 40 हजार से अधिक बी2बी विजिटर्स थे। 2,228 प्रदर्शकों ने 35 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में अपने उत्पाद और सेवाएं प्रदर्शित की थीं। वहीं FIEO के सहयोग से 85 देशों के 550 से अधिक विदेशी खरीदारों ने भी भागीदारी की थी, जिससे उत्तर प्रदेश की वैश्विक व्यापारिक पहचान और मजबूत हुई।

आयोजकों के अनुसार, दिल्ली रोडशो केवल शुरुआत है। आने वाले महीनों में देश के विभिन्न राज्यों में इसी तरह के रोडशो और प्रचार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनका उद्देश्य घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की भागीदारी बढ़ाना, अंतरराज्यीय व्यापार को प्रोत्साहित करना और भारतीय उद्यमों के लिए नए बाजार उपलब्ध कराना है।

UPITS 2026 में उत्तर प्रदेश की विनिर्माण क्षमता, MSME क्षेत्र, ODOP उत्पाद, स्टार्टअप्स, निर्यात, नवाचार, पर्यटन, संस्कृति, पारंपरिक व्यंजन, हस्तशिल्प और उभरते औद्योगिक क्षेत्रों को एक ही मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूज़ीन’ (ODOC) जैसी नई पहल को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।

उत्तर प्रदेश सरकार का मानना है कि राज्य को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में योगदान देने के लिए UPITS 2026 व्यापार, निवेश, निर्यात और वैश्विक साझेदारियों को नई दिशा देने वाला एक महत्वपूर्ण आयोजन साबित होगा।

UPITS 2026

📅 25 से 29 सितंबर 2026

📍 इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!