सूरजपुर पुलिस ने किया अंतरजनपदीय चोरी गैंग का पर्दाफाश 50 लाख के जेवरात समेत 4 गिरफ्तार |
Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

ग्रेटर नोएडा। थाना सूरजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से करीब 50 लाख रुपये कीमत के चोरी के आभूषण, 1 लाख 65 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त ऑटो और तीन अवैध चाकू बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रदीप यादव उर्फ फौजी, शिव कुमार उर्फ चूंचा, वीरेश उर्फ वीरा और सूरज उर्फ बंटा के रूप में हुई है। सभी आरोपी अलग-अलग जनपदों के रहने वाले हैं और वर्तमान में सूरजपुर क्षेत्र में रह रहे थे।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ऑटो में घूमकर दिल्ली-एनसीआर और नोएडा के सेक्टरों व सोसायटियों में बंद पड़े मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद मौका देखकर घरों के ताले और ग्रिल तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। वारदात के दौरान गिरोह के एक-दो सदस्य बाहर ऑटो में बैठकर निगरानी करते थे, जबकि बाकी सदस्य घर में घुसकर जेवरात और नकदी चोरी कर लेते थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने 21 मई 2026 को ओमीक्रोन-3 स्थित एक बंद मकान में खिड़की तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी की थी। इसके अलावा 24 मई को डेल्टा-1 क्षेत्र में भी दो अलग-अलग बंद मकानों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इन घटनाओं के संबंध में थाना सूरजपुर में मुकदमे दर्ज हैं।
बरामदगी में सोने-चांदी के हार, चैन, कंगन, अंगूठियां, पायल, झुमके, मंगलसूत्र, मोतियों की माला समेत भारी मात्रा में जेवरात शामिल हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल ऑटो नंबर UP16LT8138 भी बरामद कर लिया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार अभियुक्तों पर पहले से चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी हुई है।




