ग्रेटर नोएडा

भारतीय किसान यूनियन मंच ने विरोध दर्ज कर मांगा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा

Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

भारतीय किसान यूनियन मंच के नेतृत्व में गौतम बुद्ध नगर स्थित डीएम कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए डीएम महोदया के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान संगठन के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भारी संख्या में उपस्थित रहे।

 

ज्ञापन के माध्यम से भारतीय किसान यूनियन मंच ने देशभर में लगातार हो रही परीक्षा संबंधी धांधलेबाजी, नीट परीक्षा पेपर लीक, उत्तर प्रदेश में एसएससी परीक्षा निरस्त होने तथा सीबीएसई कॉपी चेकिंग में सामने आ रही अनियमितताओं को लेकर भारी रोष व्यक्त किया।

 

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल त्यागी जी ने कहा कि मौजूदा सरकार लगातार छात्रों और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। छात्र हितों में कोई ठोस निर्णय नहीं लिए जा रहे हैं। युवाओं को रोजगार देने की बजाय लाठियां दी जा रही हैं, जिससे देशभर के युवाओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।

 

संगठन के महासचिव मनविंद्र भाटी जी ने कहा कि देश में बेहद दुखद स्थिति बनी हुई है। नीट पेपर लीक होने के कारण कई छात्र मानसिक तनाव में आए और कई युवाओं द्वारा आत्महत्या जैसे कदम उठाए गए, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे इस खिलवाड़ को तुरंत रोकना चाहिए।

 

भारतीय किसान यूनियन मंच ने सरकार से मांग की कि यदि नीट परीक्षा दोबारा आयोजित की जाती है तो सभी छात्रों को निःशुल्क परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की सुविधा दी जाए, उनके ठहरने एवं खाने-पीने की समुचित व्यवस्था सरकार द्वारा की जाए ताकि किसी भी छात्र को आर्थिक या मानसिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

संगठन ने यह भी मांग की कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कठोरतम कानून बनाए जाएं तथा जो भी व्यक्ति या अधिकारी परीक्षा घोटालों एवं पेपर लीक में दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

 

भारतीय किसान यूनियन मंच ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की और कहा कि लगातार हो रही शिक्षा व्यवस्था की विफलताओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।

 

इस अवसर पर संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!