बदायूं में गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण बस-ट्रक टक्कर, 26 यात्री घायल, मचा हड़कंप
Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

मंगलवार सुबह करीब पांच बजे गंगा एक्सप्रेसवे पर चंदोई टोल प्लाजा के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया। थाना इस्लामनगर क्षेत्र में पंजाब से उन्नाव जा रही प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक कंटेनर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस पलट गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में बस सवार कुल 26 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें 10 महिलाएं और 16 पुरुष शामिल हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस और राहत टीम ने घायलों को तुरंत संभल के बहजोई अस्पताल पहुंचाया।
गंभीर रूप से घायल 18 यात्रियों को जिला अस्पताल संभल रेफर किया गया, जबकि अन्य का इलाज बहजोई सरकारी अस्पताल में चल रहा है। सभी घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
बस चालक दानिश पुत्र हरीश निवासी हसनपुर, अमरोहा भी हादसे में घायल हुआ है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। इस दौरान गंगा एक्सप्रेसवे पर काफी देर अफरातफरी का माहौल रहा।




