बुलंदशहर : ककोड़ में तेज रफ्तार स्विफ्ट का कहर, महिला जिंदगी और मौत से जूझ रही, आरोपी चालक फरार
कैलाश लोधी जिला रिपोर्टर बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद के ककोड़ थाना क्षेत्र में आज सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की जिंदगी को संकट में डाल दिया। झज्जर रोड स्थित कान्हा रेस्टोरेंट के सामने तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बाइक सवार महिला को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। घायल महिला को गंभीर हालत में झज्जर स्थित राणा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा सुबह के समय हुआ, जब महिला बाइक पर सवार होकर अपने काम से जा रही थी। तभी तेज रफ्तार स्विफ्ट कार नंबर UP13BX0021 ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला सड़क पर दूर जा गिरी और उसके सिर में गंभीर चोट आई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी तथा घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि घायल महिला के पति की करीब दो साल पहले मृत्यु हो चुकी है। पति के निधन के बाद से वह अपने दो छोटे बच्चों की परवरिश अकेले कर रही थी। अब इस हादसे के बाद दोनों बच्चों के सिर से मां का साया भी छिनने का खतरा मंडरा रहा है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के काफी समय बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची और अब तक आरोपी चालक के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी देखी जा रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि अगर समय रहते आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया तो लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के तुरंत बाद स्विफ्ट चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। हालांकि लोगों ने गाड़ी का नंबर नोट कर लिया, जिसके आधार पर आरोपी की तलाश की मांग की जा रही है। परिजनों ने प्रशासन से आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।




