UPITS 2026 का ऐलान: ग्रेटर नोएडा में सितंबर में लगेगा उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा इंटरनेशनल ट्रेड शो
Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

नोएडा। एमएसएमई दिवस के अवसर पर नोएडा प्राधिकरण मुख्यालय सेक्टर-96 में आयोजित कर्टन रेज़र समारोह में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS 2026) के चौथे संस्करण की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में इसकी औपचारिक घोषणा करते हुए कहा कि UPITS प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, निवेश संभावनाओं और वैश्विक व्यापार को बढ़ावा देने का बड़ा मंच बन चुका है।
UPITS 2026 का आयोजन 25 से 29 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में किया जाएगा। इसमें देश-विदेश के उद्योगपति, निर्यातक, स्टार्टअप, एमएसएमई इकाइयां, कारीगर और निवेशक हिस्सा लेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज बेहतर नीतियों, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, एमएसएमई और निर्यात क्षमता के दम पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि UPITS के जरिए प्रदेश के स्थानीय उत्पादों और उद्यमों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि UPITS 2026 में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन (ODOC)’ पहल प्रमुख आकर्षण होगी, जिसमें उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों की पारंपरिक पाक कला, स्थानीय व्यंजन और खाद्य उद्यमों को वैश्विक मंच मिलेगा।
कार्यक्रम में एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि UPITS अब देश के प्रमुख व्यापारिक आयोजनों में शामिल हो चुका है। यह मंच एमएसएमई, ODOP, स्टार्टअप और छोटे उद्यमियों को नए बाजार और व्यावसायिक साझेदारी के अवसर उपलब्ध करा रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में एमएसएमई और निर्यात क्षेत्र से जुड़ी कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इनमें एमएसएमई क्लस्टर पार्क, ट्रेड प्रमोशन सेंटर, ODOP कॉमन फैसिलिटी सेंटर समेत कई औद्योगिक परियोजनाएं शामिल रहीं।
गौरतलब है कि पिछले UPITS संस्करण में बड़ी संख्या में देश-विदेश के खरीदारों और प्रदर्शकों ने भाग लिया था। वर्ष 2025 में आयोजित ट्रेड शो में 5 लाख से अधिक विजिटर्स, 2,228 प्रदर्शक और 85 देशों से विदेशी खरीदार शामिल हुए थे।
सरकार का लक्ष्य है कि UPITS 2026 को अब तक का सबसे बड़ा संस्करण बनाया जाए, जिससे उत्तर प्रदेश को वैश्विक व्यापार और निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सके।




