मई में मौसम ने बदला मिजाज गर्मी से मिली राहत
Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मई महीने के आखिर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भीषण गर्मी और तेज धूप से परेशान लोगों को अब आंधी, तूफान और बारिश से राहत मिलती दिखाई दे रही है। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
राजधानी दिल्ली में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं उत्तर प्रदेश के नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, अलीगढ़ और आसपास के जिलों में तेज आंधी और बूंदाबांदी का असर देखने को मिला। मौसम बदलने से गर्म हवाओं का असर कम हुआ और मौसम सुहावना हो गया।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से मौसम में यह बदलाव आया है। अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश की संभावना बनी हुई है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
अचानक बदले मौसम का असर जनजीवन पर भी देखने को मिला। कई जगह पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की खबरें सामने आईं, हालांकि लोगों को तपती गर्मी से बड़ी राहत जरूर मिली है|




