चचुला झज्जर मार्ग पर दर्दनाक हादसा, सीएनजी टेंपो ने स्कूटी को मारी टक्कर, चालक को घसीटता हुआ ले गया
राहुल कुमार संपादक // ग्रेटर नोएडा यूपी

ग्रेटर नोएडा : क्षेत्र के चचुला झज्जर मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब खेलेन नहर से चचुला झज्जर की ओर जा रहा एक सीएनजी टेंपो अचानक अनियंत्रित हो गया और आगे चल रही एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार चालक वाहन सहित सड़क पर गिर पड़ा और सीएनजी टेंपो उसे काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद टेंपो चालक ने वाहन रोकने के बजाय मौके से फरार होने की कोशिश की। स्कूटी और चालक को घसीटते हुए ले जाने के बाद भी चालक ने टेंपो नहीं रोका और करीब चार किलोमीटर दूर जाकर भागने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों की सतर्कता और तत्परता से पीछा कर आखिरकार टेंपो चालक को पकड़ लिया गया।
हादसे में स्कूटी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं, क्षतिग्रस्त स्कूटी को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया।
जानकारी के अनुसार, सीएनजी टेंपो चालक ग्रेटर नोएडा के तला गांव का निवासी बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और टेंपो को कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घायल के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।




