खानपुर थाना क्षेत्र में लेन-देन के विवाद में युवक की हत्या एक घायल
कैलाश लोधी जिला रिपोर्टर बुलंदशहर

खानपुर थाना क्षेत्र के गांव पाली परतापुर में सोमवार को पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी उदय कुमार ने दीपक और समय सिंह पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तुरंत दोनों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान दीपक ने दम तोड़ दिया, जबकि समय सिंह की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी उदय कुमार को हिरासत में लेकर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस एहतियातन क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है।




