प्लॉट पर कब्जे की शिकायत लेकर भटक रहा सोनू दादरी पुलिस और राजस्व विभाग पर लगाए गंभीर आरोप इंसाफ की मांग
Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र से जमीन विवाद का एक मामला सामने आया है, जहां सोनू नामक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि उसके प्लॉट पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है। सोनू का कहना है कि उसने इस मामले की शिकायत काफी समय पहले दादरी पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों से की थी, लेकिन अभी तक उसे न्याय नहीं मिला।
सोनू का आरोप है कि शिकायत के बावजूद उसकी जमीन पर कब्जा नहीं हटाया गया और उसे लगातार परेशान किया जा रहा है। पीड़ित ने दादरी पुलिस, पटवारी और संबंधित अधिकारियों पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उसका आरोप है कि कुछ लोगों की मिलीभगत के चलते उसकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
सोनू ने आरोप लगाया कि जौहर खां, मेहर खां, नवाबुद्दीन मोमिन, कमरुद्दीन मोमिन और यूसुफ सहित कई लोगों ने उसकी जमीन पर कब्जा किया है। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पीड़ित का कहना है कि उसने पुलिस प्रशासन के अलावा एसडीएम और जिलाधिकारी कार्यालय में भी कई बार शिकायत की, लेकिन उसे अभी तक राहत नहीं मिली। सोनू का आरोप है कि कार्रवाई करने की बजाय उसे ही परेशान किया गया और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया।
सोनू ने प्रदेश सरकार से गुहार लगाते हुए कहा है कि उसे निष्पक्ष जांच और न्याय चाहिए। उसका कहना है कि सरकार और प्रशासन जमीन कब्जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें और अगर कोई पुलिसकर्मी या राजस्व कर्मचारी भ्रष्टाचार में शामिल है तो उसके खिलाफ भी जांच कर कार्रवाई की जाए।
अब देखना होगा कि इस पूरे मामले में प्रशासन क्या कदम उठाता है और पीड़ित को कब तक न्याय मिल पाता है।




