ग्रेटर नोएडा: लापरवाही से लगी आग ने उजाड़ा गरीब परिवार का आशियाना
Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

ग्रेटर नोएडा के जेवर तहसील क्षेत्र के गांव छातंगा में उस वक्त दर्दनाक घटना सामने आई, जब फसल के अवशेष जलाने के दौरान बरती गई लापरवाही ने एक गरीब परिवार का सब कुछ छीन लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते मिट्टी का बना घर जलकर पूरी तरह खाक हो गया।
बताया जा रहा है कि खेतों में पराली जलाने के दौरान उठी चिंगारी ने पास स्थित इस गरीब परिवार के घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों में घर में रखा सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। इतना ही नहीं, परिवार के दो पशु भी इस आग में झुलस गए, जिससे उनका बड़ा नुकसान हुआ है।
घटना के बाद परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है। भीषण गर्मी के बीच उनके सामने रहने और खाने-पीने तक का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और रहने की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे इस मुश्किल समय से उबर सकें। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर फसल अवशेष जलाने से होने वाले खतरों को उजागर कर दिया है।




