धर्म, संस्कृति और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ शिव सेना ने 60 धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं का किया सम्मान
कैलाश कुमार जिला रिपोर्टर मुरादाबाद यूपी


मुरादाबाद। धर्म, संस्कृति और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार रात शिव सेना की शाखा छत्रपति शिवाजी समिति द्वारा दिल्ली रोड स्थित मानसरोवर पैराडाइज होटल में भव्य ‘धर्म यश सम्मान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर की लगभग 60 धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले गणमान्य नागरिकों का भी अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणपति की वंदना, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, शंखनाद तथा छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण एवं सभी अतिथियों को भगवा तिलक लगाकर किया गया। पूरे आयोजन में धार्मिक वातावरण और राष्ट्रभक्ति का उत्साह देखने को मिला।

शिव सेना के जिला प्रमुख वीरेन्द्र अरोड़ा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि युवाओं में भारतीय संस्कृति, संस्कार, राष्ट्रप्रेम और धर्म के प्रति आस्था को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। समाज तभी मजबूत होगा जब युवा अपने कर्तव्यों, नैतिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति को अपनाएंगे।

उन्होंने उपस्थित युवाओं को धर्म की रक्षा, राष्ट्र सेवा, सामाजिक समरसता और मानव सेवा का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सामाजिक संस्थाएं समाज को जोड़ने का कार्य करती हैं, इसलिए उनका सम्मान करना पूरे समाज का सम्मान है।
कार्यक्रम में एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह, दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता, भाजपा नेता मनोज गुप्ता सहित कई विशिष्ट अतिथियों का भी अभिनंदन किया गया।
सम्मानित होने वाली संस्थाओं में कामेश्वर नाथ मंदिर, झारखंडी मंदिर, मनोकामना मंदिर, काली माता मंदिर, गुरुद्वारा सिंह सभा ताड़ीखाना, गुरुद्वारा लोको शेड, रामलीला कमेटी, रामनवमी समिति, बालाजी समिति, गणपति शोभायात्रा समिति सहित शहर की अनेक प्रमुख धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाएं शामिल रहीं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने सामाजिक एकता, धार्मिक सद्भाव और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि समाज में सेवा, सहयोग और संस्कारों की भावना को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
इस अवसर पर महापौर विनोद अग्रवाल, डॉ. मुकेश अग्रवाल, डॉ. जेपी टंडन, डॉ. मनोज अग्रवाल, संदीप जैन, वीरेन्द्र अरोड़ा, विपिन भटनागर, कमल राव, नरेंद्र सिक्का, मुदित उपाध्याय, शिबू पांडे, अरुण ठाकुर, आकाश सिंह, मयंक सैनी, जीतू प्रजापति, उमेश ठाकुर, मनी आनंद, कैलाश, तिलक राज शर्मा सहित बड़ी संख्या में धार्मिक, सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, सामाजिक सौहार्द और धर्म संरक्षण के संदेश के साथ हुआ। आयोजकों ने भविष्य में भी समाज को एकजुट करने और युवाओं में भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इस प्रकार के आयोजन निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।




