उत्तर प्रदेशमुरादाबाद

आवासीय भूखंड में चल रही मोमबत्ती फैक्ट्री में आग का मामला गरमाया, शिवसेना ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

कैलाश कुमार जिला रिपोर्टर मुरादाबाद यूपी

मुरादाबाद। स्टेशन रोड स्थित आवासीय भूखंड में कथित रूप से अवैध तरीके से संचालित मोमबत्ती फैक्ट्री में लगी आग के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। हादसे में क्षेत्रवासियों को हुए नुकसान और फैक्ट्री के संचालन को लेकर शिवसेना पदाधिकारियों ने कड़ी नाराजगी जताई।

शिवसेना के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन भेजकर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि आवासीय क्षेत्र में नियमों के विपरीत फैक्ट्री संचालित की जा रही थी, जिसके चलते आग की घटना से आसपास के लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

ज्ञापन में शिवसेना ने फैक्ट्री मालिक की तत्काल गिरफ्तारी, प्रभावित क्षेत्रवासियों को उचित मुआवजा देने और फैक्ट्री के संचालन की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही कथित रूप से फैक्ट्री को संरक्षण देने वाले दमकल विभाग तथा मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कर दंडात्मक कार्रवाई की मांग उठाई गई।

शिवसेना पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि महानगर में कई स्थानों पर भूखंडों में नियमों के विपरीत फैक्ट्रियां संचालित हो रही हैं, लेकिन संबंधित विभागों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि अवैध फैक्ट्रियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो दमकल विभाग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में अरुण ठाकुर, शिबू पांडे, आकाश सिंह, बादाम सिंह, उमेश ठाकुर, मयंक सैनी, सुरेश सैनी, अंकित, नितेश और विक्की कश्यप समेत शिवसेना के पदाधिकारी मौजूद रहे।

शिवसेना ने प्रशासन से मांग की है कि आग की घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में आवासीय क्षेत्रों में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!