ग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा में गूंजेगा विजय महोत्सव 2026 का रंगारंग आगाज 800 बच्चे देंगे शानदार प्रस्तुति

Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

ग्रेटर नोएडा। साइट-4 स्थित रामलीला मैदान में श्री रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित होने वाले विजय महोत्सव 2026 को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महोत्सव के शुभारंभ को लेकर कमेटी ने 11 अक्टूबर को प्रेस वार्ता आयोजित कर कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की। इस बार महोत्सव की शुरुआत भक्ति और देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ होगी, जिसमें शहर और देहात क्षेत्र के स्कूलों एवं अकादमियों के करीब 800 बच्चे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

कमेटी के अध्यक्ष सरदार मंजीत सिंह ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने और प्रोत्साहित होने का अवसर दिया जा रहा है। बच्चों की प्रस्तुतियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेंगी।

कमेटी के महासचिव विजेन्द्र सिंह आर्य ने बताया कि 12 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक प्रतिदिन रामलीला का मंचन किया जाएगा। इसमें भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को कलाकारों द्वारा मंच पर जीवंत किया जाएगा। वहीं, कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग ने जानकारी दी कि 20 अक्टूबर को विजयदशमी के अवसर पर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाएगा। इसके बाद रंगीन आतिशबाजी का आयोजन भी होगा।

संयुक्त महासचिव सौरभ बंसल ने बताया कि महोत्सव में सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सिक्योरिटी गार्ड और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की जा रही है। रामलीला मंचन में साकेत कला मंच के 65 कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

मीडिया प्रभारी विनोद कसाना ने बताया कि इस बार रामलीला मंचन के साथ विशाल मेले का भी आयोजन किया जा रहा है। मेले में खाने-पीने के विभिन्न स्टॉल, जयंती कैटर्स, खरीदारी के लिए अनेक दुकानें और मनोरंजन के लिए कई प्रकार के झूले आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके अलावा नाव, कोलंबस और मारुति कार से जुड़े मनोरंजन आकर्षण भी लगाए जा रहे हैं।

प्रेस वार्ता में कुलदीप शर्मा, मुकेश शर्मा, हरेंद्र भाटी, श्यामवीर भाटी, अमित गोयल, अरुण गुप्ता, मुकुल गोयल, गिरीश जिंदल, कमल सिंह आर्य, सुनील प्रधान, सुभाष चंदेल, मनोज यादव, अंकुर गर्ग, अतुल जैन, विशाल जैन और सुरेंद्र तायल सहित कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

भक्ति, संस्कृति और मनोरंजन के संगम के रूप में आयोजित होने वाला विजय महोत्सव 2026 ग्रेटर नोएडा के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!