ग्रेटर नोएडा में पर्यावरणीय अनुपालन को लेकर कार्यशाला, 70 से अधिक उद्यमियों ने लिया हिस्सा
Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, क्षेत्रीय कार्यालय ग्रेटर नोएडा और इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के संयुक्त तत्वावधान में 10 अक्टूबर 2026 को पर्यावरणीय अनुपालन एवं उद्योग जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इकोटेक-1 स्थित IBA मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से 70 से अधिक उद्यमियों और उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यशाला का उद्देश्य उद्योगों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नियमों, वायु प्रदूषण नियंत्रण के उपायों और नवीनतम सरकारी दिशा-निर्देशों के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी विकास मिश्रा और उनकी तकनीकी टीम ने उद्यमियों को पर्यावरणीय नियमों एवं उनके अनुपालन की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने उद्योगों की विभिन्न श्रेणियों, Consent to Establish (CTE), Consent to Operate (CTO), वायु प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों, DG सेट से जुड़े मानकों तथा औद्योगिक इकाइयों में पर्यावरणीय व्यवस्थाओं के बारे में बताया। साथ ही CAQM के दिशा-निर्देशों, निरीक्षण के दौरान आवश्यक दस्तावेजों और नियमों के उल्लंघन पर होने वाली कार्रवाई से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी चर्चा की गई।
कार्यशाला के दौरान उद्यमियों ने अपनी औद्योगिक इकाइयों से संबंधित तकनीकी और कानूनी सवाल रखे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से जवाब दिया। क्षेत्रीय अधिकारी विकास मिश्रा ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का उद्देश्य उद्योगों को जागरूक करना और पर्यावरणीय नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित कराना है। उन्होंने उद्यमियों को तकनीकी या पर्यावरण संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए विभाग से संपर्क करने के लिए प्रोत्साहित किया तथा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक उद्योग के लिए पर्यावरणीय नियमों की सही जानकारी रखना और समय पर उनका पालन करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि IBA उद्योगों के हितों की रक्षा करने और उद्यमियों को नवीनतम सरकारी नियमों से अवगत कराने के लिए विभिन्न विभागों के सहयोग से ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। उन्होंने सभी उद्यमियों से पर्यावरण संरक्षण को अपनी औद्योगिक एवं सामाजिक जिम्मेदारी मानते हुए नियमों का पालन करने की अपील की।
कार्यक्रम में IBA महासचिव सुनील दत्त शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण शर्मा, उपाध्यक्ष अजय राणा, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, जॉइंट सेक्रेटरी विकास राय सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यशाला के माध्यम से उद्योगों और प्रदूषण नियंत्रण विभाग के बीच संवाद को मजबूत करने तथा पर्यावरणीय अनुपालन के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।




