विश्व पर्यावरण दिवस पर भाजपा का वृहद पौधारोपण अभियान, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ का दिया संदेश
Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

ग्रेटर नोएडा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी गौतमबुद्धनगर द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” जन अभियान के तहत जिले भर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर चलाए जा रहे “बारह साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने बताया कि संगठनात्मक दृष्टि से जिले के सभी 11 मंडलों में पौधारोपण किया गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार में लोकनिर्माण विभाग के राज्यमंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने सूरजपुर स्थित वेटलैंड में पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान पर्यावरण संरक्षण और जलवायु संतुलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने ग्रेटर नोएडा मंडल के जेपी अमन सोसायटी में पौधारोपण करते हुए कहा कि वृक्ष केवल प्रकृति का श्रृंगार नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की नींव भी हैं। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
अभियान के जिला संयोजक एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र नागर ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने रोजा जलालपुर, क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र शिशोदिया ने प्यावली, विधायक तेजपाल नागर ने कैमराला, विधायक धीरेंद्र सिंह ने कासना मंडल के चाई-4, विधान परिषद सदस्य नरेंद्र सिंह भाटी ने बोड़ाकी तथा एमएलसी श्रीचंद शर्मा ने आकिलपुर में पौधारोपण किया।
इसके अलावा दादरी नगर पालिका अध्यक्ष गीता पंडित ने युवक मंगल पार्क, आमका रोड में तथा पूर्व जिलाध्यक्ष विजय भाटी ने सूरजपुर मंडल के रामपुर गांव में पौधे लगाए। जिला उपाध्यक्ष सत्येंद्र नागर ने बिसरख मंडल के सेक्टर-16 स्थित सेंट्रल पार्क, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पौधारोपण किया।
जिला मीडिया प्रभारी करमबीर आर्य ने बताया कि अभियान में भाजपा के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने बूथों पर पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




