उत्तर प्रदेशग्रेटर नोएडा

शिक्षक दिवस पर 100 महिला शिक्षिकाओं का सम्मान, महिला उन्नति संस्था ने किया सम्मान समारोह

Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

ग्रेटर नोएडा। शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में ग्रेटर नोएडा स्थित दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के प्रांगण में महिला उन्नति संस्था द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद गौतमबुद्धनगर के विभिन्न विद्यालयों में शिक्षा की अलख जगा रही 100 महिला शिक्षिकाओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भारतीय वालीबॉल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल तंवर भाटी ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता होते हैं। शिक्षक अपने ज्ञान और कौशल से विद्यार्थियों को तराशते हैं, जो आगे चलकर विभिन्न उच्च पदों पर पहुंचकर राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

स्कूल की प्रिंसिपल डा. कंचन कुमारी ने कहा कि सभ्य समाज के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। मां-बाप के बाद शिक्षक ही बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार देते हैं, उन्हें चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं और सही-गलत का बोध कराते हैं।

संस्था की मीडिया प्रभारी दीपा रानी ने बताया कि समारोह में गौतमबुद्धनगर के अलग-अलग स्कूलों में शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दे रहीं 100 महिला शिक्षिकाओं को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

इस दौरान स्कूली बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। समारोह में शिक्षिकाओं के सम्मान के साथ-साथ शिक्षा और संस्कार के महत्व का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम में संस्था के संस्थापक डा. राहुल वर्मा, महासचिव अनिल कुमार भाटी, जिलाध्यक्ष रेनूबाला शर्मा, कोऑर्डिनेटर मनोज झा, उपाध्यक्ष एडवोकेट अनिल भाटी, धीरज कुमारी, गीता भाटी, नूतन भाटी, वन्दना झा, रीनू अमित शर्मा, अमनदीप कौर और शालिनी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य  मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!