किसान एकता संघ करेगा यमुना प्राधिकरण का घेराव
Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

दनकौर, 7 अक्टूबर। बुधवार को किसान एकता संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक दनकौर क्षेत्र के राजपुर गांव में चौधरी हंसराज प्रधान जी के आवास पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता चौधरी बलराज प्रधान जी ने की, जबकि संचालन जिला अध्यक्ष पप्पे नागर ने किया।
बैठक में यमुना प्राधिकरण क्षेत्र से जुड़े गांवों के किसानों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें आबादी निस्तारण, बैकलीज तथा 2013 के भूमि अधिग्रहण कानून को लागू करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सोरन प्रधान ने कहा कि किसानों की मांगों को लेकर बहुत जल्द यमुना प्राधिकरण पर आंदोलन की तारीख घोषित की जाएगी। उन्होंने कहा कि जब तक 10 प्रतिशत भूखंड, आबादी निस्तारण सहित किसानों की प्रमुख समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आंदोलन की तैयारियों के लिए किसान एकता संघ की ओर से यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के गांव-गांव जाकर किसानों को संगठित किया जाएगा। इसके बाद यमुना प्राधिकरण पर दिन-रात का आंदोलन शुरू किया जाएगा।बैठक के दौरान सर्वसम्मति से संगठन का विस्तार भी किया गया। इसमें राकेश नागर को प्रदेश सचिव यूपी, प्रवीण नागर को जिला उपाध्यक्ष गौतम बुद्ध नगर, अर्चना सिंह को जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा तथा विमलेश सिंह को ग्राम अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठन के हित में कार्य करने की शपथ दिलाई गई।
इस मौके पर चौधरी सोरन प्रधान, देशराज नागर, श्रीकृष्ण बैंसला, राजसिंह ठेकेदार, जगदीश शर्मा, विक्रम नागर, हेमराज बीडीसी, उमेद एडवोकेट, पप्पे नागर, सुभाष भाटी, जेपी नागर, रज्जाक ठेकेदार, मनोज नागर, आसिफ अली, फैजान, गुलहसन, बिनोद सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।




