ग्रेटर नोएडा: सड़क ठीक नहीं तो टोल नहीं — जीटी रोड पर जलभराव से हाहाकार, छपरौला के पास सड़क बनी तालाब
Vराहुल कुमार संपादक // ग्रेटर नोएडा यूपी

ग्रेटर नोएडा : और प्रशासनिक लापरवाही के चलते ग्रेटर नोएडा की जीटी रोड एक बार फिर बदहाली की तस्वीर पेश कर रही है। छपरौला गांव के पास जीटी रोड पर भारी जलभराव हो गया है, जिससे सड़क तालाब में तब्दील हो गई है। हालात ऐसे हैं कि राहगीरों और वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरना पड़ रहा है।
जलभराव के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन बीच रास्ते में बंद हो रहे हैं। कई वाहन पानी में फंस चुके हैं, जिससे घंटों लंबा जाम लग रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है, हर बारिश में यही हाल होता है, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंख मूंदे बैठे हैं।
“सड़क ठीक नहीं तो टोल नहीं” — इसी मांग को लेकर वाहन चालकों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जब सड़क चलने लायक नहीं है, चारों ओर गड्ढे और पानी भरा हुआ है, तो आखिर किस बात का टोल वसूला जा रहा है? टोल प्लाजा पर पूरी रकम ली जा रही है, लेकिन सुविधाएं न के बराबर हैं।
छपरौला और आसपास के ग्रामीणों का कहना है कि जल निकासी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। नालियां जाम हैं और सड़क की ऊंचाई इतनी नीचे है कि थोड़ी सी बारिश में ही पानी भर जाता है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इस जलभराव के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों और दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। एंबुलेंस और आपातकालीन वाहन भी जाम में फंस रहे हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, एनएचएआई और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से मांग की है कि जीटी रोड की तत्काल मरम्मत कराई जाए, जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त की जाए और जब तक सड़क पूरी तरह ठीक नहीं होती, तब तक टोल वसूली पर रोक लगाई जाए।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब जागता है और जनता को राहत कब तक मिलती है, या फिर जीटी रोड पर जलभराव से हाहाकार यूं ही जारी रहेगा।




