उत्तर प्रदेशग्रेटर नोएडा

राजपुर कलां गेट के पास नाले का पानी बना झील अधिकारियों की लापरवाही से मंडरा रहा हादसे का खतरा |

राहुल कुमार संपादक // ग्रेटर नोएडा यूपी

ग्रेटर नोएडा के राजपुर कलां गेट के पास लंबे समय से नाले की खराब व्यवस्था के चलते पानी पास के खाली प्लॉट में भरता जा रहा है, जिससे वहां एक बड़ी झील जैसी स्थिति बन गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या काफी समय से बनी हुई है, लेकिन संबंधित अधिकारियों द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

बताया जा रहा है कि यह स्थान सिकंदराबाद और दनकौर स्टेशन को जोड़ने वाली मुख्य सड़क के बिल्कुल पास है। सड़क के किनारे जलभराव होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी भरने के कारण जमीन दलदली हो चुकी है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नाले की नियमित सफाई और पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। कई बार शिकायत करने के बावजूद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नाले की सफाई और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई तो बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो सकती है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का समाधान किया जा सके।

अब देखना यह होगा कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कब तक इस गंभीर समस्या पर संज्ञान लेता है और क्षेत्रवासियों को राहत दिलाता है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!