जानकी वल्लभ शाखा ने धूमधाम से मनाया हरियाली तीज उत्सव
Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

ग्रेटर नोएडा। भारत विकास परिषद की जानकी वल्लभ शाखा, ग्रेटर नोएडा की ओर से यू-टर्न रेस्टोरेंट के सभागार में हरियाली तीज उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर हिस्सा लिया और भारतीय संस्कृति एवं तीज की परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दलवीर जी एवं सुनीता जी द्वारा दीप प्रज्वलन और मां भारती की वंदना के साथ किया गया। उपस्थित बंधुओं एवं मातृशक्ति का चंदन टीका और महिलाओं को हरी चूड़ियां भेंट कर स्वागत किया गया। वरिष्ठ मार्गदर्शकों एवं अतिथियों को दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विवेकानंद एवं एकलव्य शाखा के वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

उत्सव के दौरान मनोरंजक खेल, तंबोला, नृत्य, गायन और रैंप वॉक जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। रैंप वॉक प्रतियोगिता में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ईशा राणा फर्स्ट रनरअप और सोनल सेकंड रनरअप रहीं, जबकि मिस तीज का खिताब अपूर्वा जी ने अपने नाम किया। विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में पवन जी द्वारा प्रस्तुत स्वरचित कविता ने भी खूब तालियां बटोरीं। पूरे आयोजन में उत्साह, उमंग और भारतीय परंपराओं का सुंदर संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम अनिल तायल जी के संरक्षण, अनुपमा पुंडीर जी की अध्यक्षता और अंजू गुप्ता जी के कुशल मंच संचालन में संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में जानकी वल्लभ शाखा की कार्यकारिणी के प्रमोद वर्मा, पवन मित्तल, अंशुमा सिंह, कृष्णा शर्मा, नीतू सिंह, रेनू ठाकुर, निम्मी मित्तल, हेमलता मित्तल, मधु चौहान, ईशा राणा सहित शाखा के सभी सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।
समापन पर शाखा अध्यक्ष अनुपमा पुंडीर ने सभी सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का माध्यम हैं।




