बुलंदशहर: बारिश के बीच खुले मैनहोल में गिरी 11 वर्षीय बच्ची तेज बहाव में बही; नगर पालिका की लापरवाही पर उठे सवाल
Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

बुलंदशहर, 28 जुलाई। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में मंगलवार को हुई भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया। बारिश के कारण जलभराव से ढकी सड़क पर 11 वर्षीय बच्ची चारू खुले मैनहोल में गिर गई और तेज बहाव में बह गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि बच्ची बारिश से बचने के लिए नाले के ऊपर रखी पटिया पर खड़ी थी। आसपास पानी भरा होने के कारण खुले मैनहोल का पता नहीं चल सका। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह मैनहोल में जा गिरी। तेज बहाव के चलते बच्ची कुछ ही क्षणों में आंखों से ओझल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर पालिका और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं। बच्ची की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
इस हादसे के बाद नगर पालिका और जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बारिश से पहले नालों और सीवर की उचित व्यवस्था नहीं की गई, जिससे खुले मैनहोल और जलभराव जैसी स्थिति बनी रही।
वहीं, बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए शहर में खुले मैनहोल और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।




