बुलंदशहर थाना खानपुर क्षेत्र के गांव जवासा में रास्ते पर बंधी भैंसों से बाइक टकराई पिता-पुत्री घायल पीड़ित ने थाने में दी तहरीर |
कैलाश लोधी जिला रिपोर्टर बुलंदशहर

बुलंदशहर : थाना खानपुर क्षेत्र के गांव जवासा में सार्वजनिक रास्ते पर भैंसें बांधे जाने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। पीड़ित कपिल कुमार पुत्र रनवीर सिंह ने थाना खानपुर में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि रविवार सुबह करीब 8 बजे वह अपनी छह वर्षीय बेटी दीक्षा के साथ बाइक से खेत से घर लौट रहे थे।

तहरीर के अनुसार, रास्ते पर एक व्यक्ति द्वारा कई भैंसें दोनों ओर बांध रखी थीं और रास्ते पर गोबर भी जमा था। इसी दौरान एक भैंस अचानक सामने आ गई, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर गोबर पर फिसल गई। हादसे में कपिल कुमार के हाथ तथा उनकी बेटी दीक्षा के पैर में गंभीर चोटें आईं।

पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने रास्ते पर भैंसें बांधने का विरोध किया तो आरोपितों ने गाली-गलौज की और धमकी देते हुए कहा कि भैंसें और गोबर वहीं रहेंगे तथा जो करना हो कर लें।

कपिल कुमार ने थाना खानपुर में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और सार्वजनिक रास्ते से भैंसों को हटवाने की मांग की है।
नोट: यह समाचार थाना खानपुर में दी गई शिकायत (तहरीर) के आधार पर तैयार किया गया है। पुलिस की जांच और आधिकारिक पक्ष आना शेष है।




