उत्तर प्रदेशग्रेटर नोएडा

दादरी में बिजली संकट को लेकर भारतीय किसान यूनियन मंच ने सौंपा ज्ञापन, जल्द समाधान की मांग

Nitish Bhati UP Head News Speed Live

ग्रेटर नोएडा। दादरी क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और आपूर्ति बाधित होने की समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन मंच ने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन के पदाधिकारियों ने धूम दादरी बिजलीघर पहुंचकर यूपीपीसीएल के एसडीओ के नाम थाना बादलपुर प्रभारी विजय गुप्ता को ज्ञापन सौंपा।

भारतीय किसान यूनियन मंच के राष्ट्रीय महासचिव मास्टर मनमिंदर भाटी ने बताया कि दादरी शहर और छपरौला सहारा सिटी क्षेत्र में पिछले करीब एक महीने से भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति प्रभावित चल रही है। उन्होंने कहा कि आए दिन वार्डों में फॉल्ट, ट्रांसफॉर्मर खराब होने और बिजली बाधित रहने की समस्या सामने आ रही है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदेश प्रभारी विक्रान्त भाटी ने कहा कि बिजली उपभोक्ता लगातार बिजलीघर और संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने विभाग से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की।

दादरी प्रदेश उपाध्यक्ष विशाल ठाकुर ने बताया कि क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन फॉल्ट, ब्रेकडाउन, लो वोल्टेज और ट्रांसफॉर्मर खराब होने जैसी समस्याओं के कारण विद्युत आपूर्ति प्रभावित है।

जिलाध्यक्ष अक्षय मुखिया ने कहा कि गर्मी के मौसम में लंबे समय तक बिजली कटौती से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं समेत आम लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। वहीं उत्तर प्रदेश महासचिव डॉ. मोहसिन दादरी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो भारतीय किसान यूनियन मंच बिजली उपभोक्ताओं के साथ बिजलीघर पर अनिश्चितकालीन धरना देने के लिए मजबूर होगा।

जिला प्रभारी अजब सिंह भाटी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी बिजली की समस्या बनी हुई है। उन्होंने दादरी क्षेत्र में नए बिजलीघर की आवश्यकता बताते हुए बिजली आपूर्ति बेहतर करने की मांग की।

इस दौरान हाजी निजाम, सोनू बैसला छपरौला, विकास रूपवास, मनीष नागर, अब्दुल कादिर, दानिश खान, नितेश कसाना, मनीष अधाना, अरुण जाटव, गौरव चौधरी, विजय कुमार, मोहित चौधरी सहित कई बिजली उपभोक्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!