तुगलपुर में भीषण आग से मचा हड़कंप केले का गोदाम और मैरिज होम चपेट में आए
नरेश कुमार रिपोर्टर ग्रेटर नोएडा

ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के तुगलपुर गांव में देर रात अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग सबसे पहले एक केले के गोदाम में लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पास स्थित एक मैरिज होम को भी अपनी चपेट में लेलिया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार आग तेजी से फैली, जिसके चलते गोदाम में रखा सामान और मैरिज होम का कुछ हिस्सा प्रभावित हुआ। हालांकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
दमकल विभाग और पुलिस की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। अधिकारियों का कहना है कि आग के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखने की अपील की है।




