ग्रेटर नोएडा में UPITS 2026 का जलवा, तीसरे दिन 2 लाख से ज्यादा विजिटर्स पहुंचे
Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 के तीसरे दिन कारोबार, वैश्विक बाजार और सांस्कृतिक गतिविधियों का शानदार संगम देखने को मिला। रविवार को ट्रेड शो में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और शाम 5 बजे तक 2 लाख से अधिक विजिटर्स दर्ज किए गए।

तीसरे दिन केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ट्रेड शो में हिस्सा लिया और वैश्विक बाजार में भारतीय उत्पादों की पहुंच बढ़ाने के लिए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) के अवसरों पर चर्चा की। उन्होंने उत्तर प्रदेश के MSME, ODOP और निर्यात क्षेत्र की संभावनाओं को रेखांकित किया।

UPITS 2026 के तीसरे दिन 6,700 से अधिक B2B बैठकें हुईं, जबकि करीब 1,150 MoUs और व्यावसायिक समझौते हुए, जिनका अनुमानित कारोबारी मूल्य लगभग 2,000 करोड़ रुपये बताया गया है।

ट्रेड शो में MSME, ODOP, डिजिटल मार्केटिंग, ई-कॉमर्स, निर्यात, वुडक्राफ्ट और आयुष जैसे विषयों पर कई नॉलेज सेशन आयोजित किए गए। वहीं विद्यार्थियों के लिए साइबर सिक्योरिटी, रोड सेफ्टी, कला, संगीत और अन्य रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित हुईं।
इसके अलावा ODOC हॉल में सेलिब्रिटी शेफ हरपाल सिंह सोखी की मास्टर क्लास दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रही। शाम को पखावज जुगलबंदी, आल्हा गायन, राई लोकनृत्य, कथक और बैंड प्रस्तुति के साथ उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत भी देखने को मिली।
UPITS 2026 अब 29 सितंबर तक चलेगा, जहां देश-विदेश से आए खरीदारों, उद्यमियों और दर्शकों को उत्तर प्रदेश के उत्पादों, उद्योगों, संस्कृति और निर्यात क्षमता को करीब से देखने का अवसर मिल रहा है।




