उत्तर प्रदेश

बेबी गेम्स 2026: कानपुर में 3 से 8½ साल के बच्चों के लिए खेलों का महासंगम

Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में 5 से 10 अक्टूबर 2026 तक ‘बेबी गेम्स 2026’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें 3 से 8½ वर्ष तक के बच्चे विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले सकेंगे। आयोजन का उद्देश्य बच्चों को कम उम्र से ही खेलों से जोड़ना और उनमें खेल के प्रति रुचि एवं आत्मविश्वास विकसित करना है।

कानपुर ओलंपिक एसोसिएशन द्वारा उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के सहयोग और क्रीड़ा भारती के समर्थन से आयोजित इस कार्यक्रम में एथलेटिक्स, फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, साइकिलिंग, कराटे, योग, आर्चरी, जिम्नास्टिक्स, जूडो, ताइक्वांडो, स्विमिंग, हैंडबॉल, थ्रोबॉल, क्लाइंबिंग, टग ऑफ वॉर, वेटलिफ्टिंग, बास्केटबॉल और क्रिकेट समेत कई खेल शामिल होंगे।

आयोजन में बच्चों की उम्र के अनुसार प्रतियोगिताओं के अलग-अलग फॉर्मेट तय किए गए हैं। 3 से 4½ वर्ष, 4½ से 6½ वर्ष और 6½ से 8½ वर्ष के बच्चों के लिए उनकी उम्र और क्षमता के अनुरूप खेल गतिविधियां रखी गई हैं। बच्चों को व्यक्तिगत खेलों के साथ-साथ टीम गेम्स में भी हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा।

बेबी गेम्स 2026 के शुभंकर ‘गज्जू’ की भी विशेष मौजूदगी रहेगी, जो बच्चों के बीच उत्साह बढ़ाएगा। प्रतिभागी बच्चों को पदक और प्रमाण-पत्र दिए जाएंगे, जबकि प्रतियोगिता के बाद पोडियम पर सम्मान का अवसर भी मिलेगा।

आयोजन में ‘Family Run with Baby’ भी आकर्षण का केंद्र रहेगी, जिसमें अभिभावक अपने बच्चों के साथ हिस्सा ले सकेंगे। आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन में 5,000 से अधिक बच्चों और 10,000 से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। करीब 450 से अधिक स्कूलों के जुड़ने की संभावना भी जताई गई है।

बेबी गेम्स 2026 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई है। एक बच्चे के लिए एक या उससे अधिक खेल चुने जा सकते हैं और प्रत्येक गेम की फीस ₹250 निर्धारित की गई है। आयोजकों का कहना है कि इस पहल के जरिए बच्चों को शुरुआती उम्र में खेलों का अनुभव देने के साथ परिवारों और स्कूलों को भी Grassroots Sports से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

ओलंपिक एसोसिएशन के सेक्रेटरी डॉ. रजत आदित्य दीक्षित के अनुसार, कम उम्र में बच्चों को अलग-अलग खेलों से परिचित कराने से उन्हें अपनी पसंद के खेल को पहचानने का अवसर मिलेगा। आयोजन को भारत के 2036 ओलंपिक विज़न से भी जोड़ा गया है।

इसके अलावा शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए ‘बेस्ट प्लेयर – मेल’ और ‘बेस्ट प्लेयर – फीमेल’ अवॉर्ड भी रखे गए हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!