ग्रेटर नोएडा में आज सीएम योगी का दौरा, GBU में ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ के समापन समारोह में होंगे शामिल
Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को गौतमबुद्धनगर के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर करीब 3 बजे हेलीकॉप्टर से गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय पहुंचेंगे, जहां वह ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा और महिलाएं मौजूद रहेंगी। कार्यक्रम की थीम ‘उत्कर्ष : नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान’ रखी गई है।
सीएम योगी हेलीपैड से सीधे जीबीयू के इंडोर स्टेडियम पहुंचेंगे और करीब दो घंटे तक कार्यक्रम में रहेंगे। इसके बाद वह नोएडा के लिए रवाना होंगे। उपलब्ध कार्यक्रम जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र के आवास भी जाएंगे, जहां उनके करीब एक घंटे रुकने का कार्यक्रम है। इसके बाद मुख्यमंत्री दोबारा गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय लौटेंगे।
जीबीयू लौटने के बाद मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 (UPITS) की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में प्रशासन, पुलिस और प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के शामिल होने की जानकारी है। UPITS-2026 का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में होना है।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा कड़ी
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए जीबीयू, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। पुलिस और प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन
20 सितंबर को सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और आसपास के निर्धारित मार्गों पर भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। आम वाहन चालकों को भी जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
नोएडा से ग्रेटर नोएडा की ओर जाने वाले वाहनों के लिए चिल्ला रेड लाइट, डीएनडी, रजनीगंधा चौक, सेक्टर-18, सेक्टर-37 अंडरपास और भंगेल एलिवेटेड मार्ग के जरिए कुलेसरा-सूरजपुर की ओर जाने की व्यवस्था बताई गई है।
फिल्मसिटी और डीएनडी की ओर से आने वाले वाहनों को फिल्मसिटी फ्लाईओवर से सेक्टर-18 की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। वहीं कालिंदी कुंज और सेक्टर-37 की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। हाजीपुर और सेक्टर-82 की ओर से परी चौक जाने वाले वाहनों को सेक्टर-93 कट से फेस-2 और डीएससी मार्ग की ओर भेजा जाएगा।
लोगों से ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील
मुख्यमंत्री के दौरे और जीबीयू में आयोजित कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले अपने रूट की जानकारी जरूर लें और निर्धारित डायवर्जन मार्गों का इस्तेमाल करें। इससे यातायात व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी




