परिश्रम ने लिखी सफलता की इबारत, शिक्षक दिवस पर अर्चना पांडेय को राज्य स्तरीय सम्मान
Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live

गौतम बुद्ध नगर। शिक्षक दिवस के अवसर पर गौतम बुद्ध नगर के शिक्षा जगत के लिए गौरव का क्षण सामने आया। कंपोजिट विद्यालय पर्थला खंजरपुर, विकास खंड बिसरख की सहायक अध्यापिका श्रीमती अर्चना पांडेय को उनके नवाचारी शिक्षण, कर्तव्यनिष्ठा और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण के लिए राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया।
गोरखपुर के महायोगी गंभीर नाथ प्रेक्षागृह के निकट रामगढ़ ताल क्षेत्र में आयोजित भव्य समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के उत्कृष्ट और नवाचारी कार्य करने वाले प्रदेश के 61 शिक्षकों को सम्मानित किया। इनमें गौतम बुद्ध नगर से अर्चना पांडेय का चयन जिले के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
सम्मान समारोह में अर्चना पांडेय को मां सरस्वती की प्रतिमा, प्रशस्ति-पत्र, 25 हजार रुपये की नगद पुरस्कार राशि और उनके नवाचार पर आधारित बुक एल्बम प्रदान किया गया।
अर्चना पांडेय ने शिक्षा को महज नौकरी न मानकर सेवा और राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाया। उनके द्वारा अपनाए गए नवाचारों ने बच्चों की पढ़ाई को अधिक रोचक, रचनात्मक और प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभाई। सीमित संसाधनों के बावजूद बेहतर शिक्षण के लिए उनका प्रयास अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणादायक बनकर सामने आया है।
राज्य स्तरीय सम्मान मिलने के बाद गौतम बुद्ध नगर के शिक्षक समुदाय, विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है। लोगों ने अर्चना पांडेय को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता यह संदेश देती है कि मेहनत, लगन और समर्पण के दम पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
वास्तव में शिक्षक केवल बच्चों को किताबों का ज्ञान नहीं देता, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य की नींव तैयार करता है। अर्चना पांडेय का यह सम्मान इसी सोच और समर्पण की मिसाल है।
उनकी यह उपलब्धि न सिर्फ व्यक्तिगत सम्मान है, बल्कि पूरे गौतम बुद्ध नगर के लिए गर्व का विषय है। शिक्षक दिवस पर मिला यह राज्य स्तरीय सम्मान निश्चित रूप से उनके कठिन परिश्रम और नवाचार की सफलता की कहानी बयां करता है।




