नेपाल में भीषण बाढ़ से तबाही, सैकड़ों लापता—भयावह तस्वीरों ने बढ़ाई चिंता
Rahul Kumar Chief Editor News Speed Live
नेपाल के रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। बाढ़ के चलते अब तक 50 से ज्यादा लोगों के मारे जाने की खबर है, जबकि 400 के करीब लोग लापता बताए जा रहे हैं। इनमें 105 भारतीय और 37 एनआरआई शामिल हैं।
बाढ़ से कई गांव प्रभावित हुए हैं। बड़ी संख्या में घर, सड़कें, पुल और हाइड्रोपावर परियोजनाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। तिब्बत सीमा से लगे रसुवा और धादिंग जिलों के साथ नुवाकोट भी बाढ़ से प्रभावित हुआ है।

बताया जा रहा है कि लापता भारतीयों में कई लोग कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जा रहे थे। एक ट्रैवल एजेंसी के मुताबिक, लापता भारतीयों में कम से कम 59 कैलाश मानसरोवर तीर्थयात्री शामिल हैं।

बाढ़ के बाद नेपाल में राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया है। निचले इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया गया है और प्रशासन लगातार नदी के जलस्तर पर नजर बनाए हुए है।

भारत ने भी नेपाल की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। भारतीय वायुसेना के विमान से दवाइयां, राशन और अन्य जरूरी राहत सामग्री भेजने की तैयारी है। इसके साथ ही एनडीआरएफ की टीमें भेजने की भी योजना बनाई जा रही है।

भारतीय नागरिकों की मदद के लिए काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। प्रभावित लोग +977 985 131 6807 और +977 970 910 7500 पर संपर्क कर सकते हैं।

नेपाल में आई इस प्राकृतिक आपदा ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। बाढ़ की भयावह तस्वीरें सामने आने के बाद लोगों में दहशत का माहौल है और अब सभी की नजर राहत एवं बचाव अभियान पर टिकी है।

